Prayagraj News : चंद्रशेखर आजार पार्क में अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंची टीम।
- फोटो : prayagraj
हालांकि, ध्वस्तीकरण की कार्रवाई में शामिल विभागों के अन्य अफसर फोर्स के साथ सुबह से ही पार्क में डट गए थे। एडीएम सिटी, एसपी सिटी समेत अन्य अफसर भी करीब एक बजे पहुंच गए। उनकी तरफ से एक बार फिर नोटिस चस्पा कर तीन बजे तक का समय दिया गया। इसके बाद कार्रवाई शुरू की गई।
इससे पहले पूरा पार्क खाली कराने के साथ सभी गेट बंद कर दिए गए। इसके लिए पांच टीमें बनाई गईं थीं। अवैध निर्माण की सूची में शामिल कई धार्मिक स्थल गिरा दिए गए। प्रयाग संगीत समिति, हिंदुस्तानी एकेडमी, गंगानाथ झां आदि संस्थान परिसर में भी कई तरह के अवैध निर्माण करा लिए गए थे। प्रशासन का बुलडोजर उन पर भी चला। दिन में तीन बजे शुरू हुई कार्रवाई देर रात तक जारी रही। पार्क के आसपास के क्षेत्रों में भीड़ बढ़ने पर शाम को अतिरिक्त फोर्स बुला ली गई।
संगीत समिति, हिंदुस्तानी एकेडमी के कई निर्माण भी ध्वस्त
आजाद पार्क परिसर स्थित प्रयाग संगीत समिति, हिंदुस्तानी एकेडमी, गंगानाथ झां संस्कृत संस्थान समेत अन्य संस्थान परिसर में हुए अवैध निर्माण भी गिरा दिए गए। वर्षों से रह रहे कर्मचारियों ने कमरे, बाथरूम आदि बना रखे थे, जिन्हें गिरा दिया गया। इस दौरान कर्मचारी तथा उनके परिजन वहीं मौजूद रहे। हालांकि उन्हें कार्रवाई का पहले से अंदेशा था। इसलिए सामान हटा लिए थे। प्रयाग संगीत समिति के ही करीब 50 कर्मचारियों का परिवार परिसर में रहता है।
जरूरत के अनुसार धीरे-धीरे उन्होंने भी निर्माण करा लिए थे। सभी अवैध निर्माण गिरा दिए। एक कर्मचारी को तो पूरा मकान ही गिरा दिया गया। ड्राइवर पद पर तैनात सागर वर्मा का कहना था कि वह करीब 15 वर्ष से रह रहे हैं। जरूरत के हिसाब से कुछ निर्माण करा रखे थे। प्रशासन ने उसे गिरा दिया। समिति का कार्यालय भी गिरा दिया गया। हिंदुस्तानी एकेडमी का मंच समेत अन्य अवैध निर्माण भी गिरा दिए गए। प्रशासन ने बिजली विभाग का गोदाम तथा अन्य निर्माण भी ध्वस्त कर दिए।
तीन बार नोटिस के बाद शुरू हुई कार्रवाई
आजाद पार्क में अवैध निर्माण के ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया तीन दिनों से चल रही थी। संबंधित पक्षों को नोटिस देने के साथ वार्ता भी की गई। इसी क्रम में प्रशासन की ओर से बृहस्पतिवार को भी तीन बार नोटिस दिया गया। इसके बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की गई।
प्रदर्शनी के बाद बंद कर दिए गए सभी गेट
सेना की ओर से आयोजित तीन दिनी प्रदर्शनी बृहस्पतिवार को संपन्न हुई। ऐसे में प्रदर्शनी देखने के लिए सुबह लोगों के आने-जाने का क्रम जारी रहा। प्रदर्शनी के समापन के बाद करीब दो बजे तक सभी लोगों को बाहर कर दिया गया। साथ ही सभी गेट बंद करा दिए। परिसर में सिर्फ कार्रवाई में शामिल संबंधित विभागों के अफसर ही मौजूद रहे। उनके साथ परिसर में हर तरफ फोर्स मौजूद रही।
लेडीज क्लब से हटाए गए टिन शेड
लेडीज क्लब का परिसर संस्था के कब्जे में ही रहेगा। क्लब परिसर में टीन शेड आदि का निर्माण कराया गया था। इस पर प्रशासन की ओर से आपत्ति जताई गई थी। बृहस्पतिवार को भी एडीएम सिटी और एसपी सिटी ने क्लब परिसर का निरीक्षण किया। क्लब की अध्यक्ष दिव्या गुप्ता का कहना है कि प्रशासन की आपत्ति पर उन्होंने स्वयं टीन शेड आदि हटा लिए।