पाकिस्तान में पंजाब प्रांत के सादिकाबाद जिले में स्थित सिद्धिविनायक मंदिर में बुधवार को हुई तोड़फोड़ के विरोध में भाजपाइयों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। मंदिर में हुई तोड़फोड़ से नाराज भाजपाइयों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान का पुतला फूंक कर अपनी नाराजगी जाहिर की। इस दौरान इमरान खान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
दरअसल दो रोज पहले ही पाकिस्तान में सिद्धिविनायक मंदिर में कुछ लोगों ने तोड़फोड़ कर दी थी। इस घटना के विरोध में भाजपा पार्षद पवन श्रीवास्तव के नेतृत्व में भाजपाई कटघर चौराहे पर एकत्र हुए। इस दौरान पाकिस्तान के पीएम का पुतला फूंकने के साथ उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यहां भाजपा पार्षद ने कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने कट्टरपंथियों के आगे घुटने टेक दिया हैं।
कट्टरपंथियों ने यह कायराना हरकत की है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि अल्पसंख्यकों की आस्था पर कुठाराघात कर तोड़े हुए मंदिर को पुन: बनवाने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दबाव बनाया जाए। अगर पाकिस्तान नहीं मानता तो उससे वार्ता करने की बजाय सीधा युद्ध किया जाए। इस अवसर पर पूर्व पार्षद नीरज गुप्ता, योगी सत्यम, विहिप नेता विनोद सोनकर, अशोक यादव, पवन केसरवानी, शैलेश केशरवानी, भोला शर्मा, अभिषेक निषाद, सचिन केसरवानी आदि मौजूद रहे।