वर्ष 2014 में हुए लोकसभा और उसके बाद 2017 के विधानसभा चुनाव में शहर उत्तरी में कम मत प्रतिशत ने भाजपाइयों की मुश्किलें बढ़ा दी है। सीएम योगी और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी बृहस्पतिवार आठ मार्च को अल्लापुर में हुई चुनावी सभा में कम मत प्रतिशत पर चिंता जाहिर की थी। दो बड़े नेताओं द्वारा कम मत प्रतिशत पर बोले जाने के बाद भाजपा ने इस लोकसभा के सभी 2154 बूथों पर 50 प्रतिशत से ज्यादा मतदान कराने के लिए कार्यकर्ताओं को एलर्ट कर दिया है। पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में भी शनिवार को इस संबंध में घंटों मंथन चला।
दरअसल पिछले दो लोकसभा चुनावों में जिले की सभी 12 सीटों में सबसे कम मतदान शहर उत्तरी विधानसभा में रहा। जबकि शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र बुद्धजीवियों का गढ़ माना जाता है। यहां वर्ष 2009 के चुनाव में 24.29 और 2014 के लोकसभा चुनाव में 40.96 फीसदी मतदान हुआ था। इस बार भाजपा ने शहर उत्तरी में 50 प्रतिशत के मतदान का लक्ष्य निर्धारित किया है। पार्टी ने इसके लिए अपने पर्दे के पीछे वाले रणनीतिकारों को लगाया है। शनिवार को सिविल लाइंस स्थित केंद्रीय कार्यालय में प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला, विधायक भूपेश चौबे, महानगर प्रभारी विद्यासागर राय, अरुण अग्रवाल, मनोज कुशवाहा, सुनील जैन, आशीष गुप्ता, प्रभाशंकर पांडेय, अनिल केसरवानी, विशाल अग्रवाल आदि ने घंटों मंथन कर मतदान वाले दिन की रणनीति को अंतिम रूप दिया। उत्तरी विधानसभा के 432 और पश्चिमी विधानसभा के 426 बूथ पर कम से कम दस-दस कार्यकर्ताओं को तैनाती करने की तैयारी की गई। इस बीच इन दोनों विधानसभा के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से वोटर पर्ची बांटे जाने की सूची भी शाम को तलब की गई। कहा गया कि ऐसे बूथ जहां 50 प्रतिशत से ज्यादा मतदान होगा वहां के बूथ के सभी कार्यकर्ताओं एवं प्रभारियों को चुनाव बाद सम्मानित किया जाएगा।
इलाहाबाद। चुनाव प्रचार का शोर थमने के बाद डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को अधिकांश समय अपने घर में ही रहे। यहां उन्होंने रविवार को होने वाले मतदान के मद्देनजर पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ मंत्रणा की। इस दौरान नगर अध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, सुबोध सिंह, मुरारी लाल अग्रवाल, डा. एलएस ओझा आदि ने चुनाव तैयारियों के बारे में अपनी रिपोर्ट की। केशव ने पार्टी के तमाम पदाधिकारियों से भी फोन पर बातचीत की। उनका पूरा जोर मत प्रतिशत बढ़ाए जाने को लेकर रहा। डिप्टी सीएम ने उन बूथों की भी रिपोर्ट ली जहां पिछले चुनाव में पार्टी का प्रदर्शन बेहतर नहीं रहा।
फूलपुर लोकसभा उपचुनाव से भाजपा प्रत्याशी कौशलेंद्र सिंह पटेल ने शनिवार को जनसंपर्क अभियान पर ही जोर दिया। उन्होंने शहर उत्तरी के तमाम मोहल्लों में जनसंपर्क किया। इसके बाद वे शहर पश्चिमी भी पहुंचे। यहां भी कई मोहल्लों में स्थानीय भाजपाई नेताओं के जनसंपर्क किया। उन्होंने घर-घर जाकर मतदान के इस महापर्व में लोगों से मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। कौशलेंद्र ने ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों से व्यक्तिगत मुलाकात की। वहीं दूसरी ओर केशव मौर्य द्वारा फूलपुर संसदीय क्षेत्र में किए गए एवं कराए जा रहे कार्यों का एक प्रपत्र भी पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा शनिवार को वितरित किया गया।
फूलपुर संसदीय क्षेत्र में शहरी विधानसभा क्षेत्र में पड़े मतों का प्रतिशत
विधानसभा का नाम वर्ष 2009 वर्ष 2014
इलाहाबाद उत्तरी 24.29 40.96
इलाहाबाद पश्चिमी 28.29 44.1