टीएसएल रेलवे क्रासिंग के समीप रविवार सुबह मीरजापुर राजमार्ग पर खड़े एक ट्रेलर में बाइक सवार कार्यकर्ता घुस गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को बाहर निकाला और परिजनों को सूचना दी गई।
औद्योगिक क्षेत्र के डेज मेडिकल चौराहे के समीप नेवादा समोगर गांव के रहने वाले रमेश केसरवानी (50) पुत्र स्व. चिरंजीव केसरवानी का घर में ही कपड़े की दुकान है। चार बेटियों की शादी हो चुकी है। दो छोटे बेटे दुकान पर ही उनका हाथ बंटाते थे। भाजपा नेता घनश्याम जायसवाल ने बताया कि पार्टी के काम के सिलसिले में रमेश केसरवानी रविवार सुबह बाइक से नैनी जाने के लिए निकले थे। टीएसएल रेलवे क्रासिंग के समीप वह एक खड़े ट्रेलर में जा घुसे, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पत्नी एवं बच्चों की रो-रोकर हालत दयनीय हो गई। गौरतलब है कि टीएसएल कंपनी के सामने सड़क के दोनों तरफ 24 घंटे दर्जनों ट्रेलर खड़े रहते हैं। जिससे वहां पर रास्ता संकरा हो जाता है।
औद्योगिक क्षेत्र के रामपुर चौराहे के पास कार की टक्कर से बाइक सवार घायल हो गया। क्षेत्र के गंधियांव गांव निवासी मो. नसीम बाइक से रामपुर जा रहा था। रामपुर बाजार के समीप एक कार ने टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें नैनी स्थित प्राइवेट हास्पिटल में भर्ती कराया गया।