अधूरे पड़े डबल लेन बेगम बाजार-भगवतपुर आरओबी का विवाद दूर कर जल्द ही उसे पूरा कराया जाएगा। इसके लिए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से वार्ता कर रास्ता निकाला जाएगा। एनएचआई, एनएच, पीडब्ल्यूडी और सेतु निगम की परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा के दौरान बृहस्पतिवार को यह जानकारी डिप्टी सीएम केशव प्रयाद मौर्य ने दी। 38 करोड़ रुपये की लागत वाली इस सेतु परियोजना को वायु सेना की एनओसी न मिलने की वजह से रोकना पड़ा था।
सर्किट हाउस में प्रयागराज और कौशांबी की निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान डिप्टी सीएम ने बख्शी बांध, सलोरी आरओबी के अलावा इनररिंग रोड समेत अन्य सड़क परियोजनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने वायु सेना की एनओसी न मिलने रकी वजह से बेगम बाजार में निर्माणाधीन आरओबी पर चर्चा की।
इस आरओबी के निर्माण में आने वाली रुकावट को लेकर उन्होंने बताया कि रक्षा मंत्री से इस पर चर्चा कर रास्ता निकाल लिया जाएगा और जल्द से जल्द इस आरओबी को पूरा करा लिया जाएगा। उन्होंने भीरपुर-मेजा मार्ग पर डबल लेन आरओबी का निर्माण समय से पूरा कराने का निर्देश दिया। डिप्टी सीएम ने नारीबारी-कोरांव में टोंस नदी पर निर्माणाधीन सेतु की प्रगति के बारे में भी जानकारी ली। कहा कि निमार्णाधीन परियोजनाओं में गुणवत्ता के साथ मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए और परियोजनाओं को समय से पूरा करा लिया जाए।
उन्होंने अभियंताओं से कहा कि जहां भी निर्माण पूरे हो चुके हों, वहां पड़े हुए स्क्रैप को जल्द हटवा लिया जाए, ताकि लोगों को असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कौशांबी में सिराथू स्थित समसा चौराहे पर बनाए जा रहे आरओबी के अलावा चायल विधानसभा क्षेत्र में कौशांबी पर्यटन स्थल को प्रयागराज-मुख्यालय वाया एयरपोर्ट से फोरलेन से जोड़ने के लिए किलनही नदी पर डबल लेन आरओबी का निर्माण शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया।
साथ ही प्रयागराज-बामपुर मार्ग पर आरओबी के लिए भूमि अधिग्रहण से संबंधित समस्या को भी समय रहते सुलझाने के लिए कहा। इसके अलावा पीडब्लूडी की ओर से रामपुर से भडेवरा और प्रयागराज बाईपास से चैनेज बालसन चौराहा तक ईपीसी मोड में चार लेन पेब्ड शोल्डर सहित चौड़ीकरण का काम गुणवत्ता के साथ पूरा कराने का निर्देश दिया। इस मौके पर फूलपुर की सांसद केशरी देवी पटेल, शहर उत्तरी के विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी, मेजा की विधायक नीलम करवरिया, फाफामऊ के विधायक विक्रमाजीत मौर्य समेत कई जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।