इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में एमकॉम, एलएलबी, एलएलएम और बीएएलएलबी प्रवेश परीक्षा का परिणाम शनिवार को जारी कर दिया गया। परिणाम में छात्राओं का दबदबा रहा। एमकॉम में देव्यानी गुप्ता, एलएलबी में अनुज बघेल, एलएलएम में हर्षिता प्रकाश और बीएएलएलबी प्रवेश परीक्षा में रितिका सिंह ने टॉप किया है। चारों टॉपर इविवि में प्रवेश लेने को तैयार हैं। बीएएलएलबी में प्रवेश प्रक्रिया 28 जून से शुरू हो सकती है और बाकी पाठ्यक्रमों में प्रवेश 28 जून के बाद लिए जाएंगे।
एमकॉम में सर्वाधिक 200 अंकों के साथ मेरिट में पहले स्थान पर रहीं देव्यानी गुप्ता ने बीकॉम की पढ़ाई भी इविवि से ही की है और उन्होंने बीकॉम 65 फीसदी अंकों के साथ उत्तीर्ण किया था। ऊंचा मंडी चौक में रहने वाली देव्यानी की मां सीता देवी गृहणी हैं और देव्यानी की तीन छोटी बहनें हैं। वहीं, एलएलबी के टॉपर अनुज बघेल को प्रवेश परीक्षा में सर्वाधिक 210 अंक हासिल हुए हैं। हरदोई के रहने वाले अनुज गुप्ता ने वहीं के सीएफएम पीजी कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है। अनुज के पिता सुरेंद्र सिंह बघेल पुलिस विभाग में थे। अनुज की मां इंदु बघेल गृहणी हैं। एलएलएम की टॉपर हर्षिता प्रकाश को 230 अंक मिले हैं। निगम चौराहा मम्फोर्डगंज की रहने वाली हर्षिता ने भी एलएलबी की पढ़ाई इविवि से की है। हर्षिता की मां डॉ. सुधा मिश्रा जिला कचहरी के मीडिएशन सेंटर में काउंटर और पिता ओम प्रकाश अधिवक्ता हैं। बीएएलएलबी में टॉपर रहीं रितिका सिंह वाराणसी की रहने वाली हैं। प्रवेश परीक्षा में उन्हें सर्वाधिक 214 अंक मिले। रितिका ने इसी साल बीएचयू वारणसी के सीएचएस से 82 फीसदी अंकों के साथ 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की है। रितिका के पिता अजीत सिंह पीएसी में हैं और मां बीना सिंह गृहणी हैं।
प्रवेश परीक्षा परिणाम एक नजर में---
एमकॉम - मेरिट में देव्यानी गुप्ता (200), आकाश गुप्ता (196) और प्रज्ञा तिवारी (190) क्रमश: पहले, दूसरे एवं तीसरे स्थान पर रहीं। देव्यानी गुप्ता महिला वर्ग में भी टॉपर हैं। वहीं, ओबीसी वर्ग में 196 अंकों के साथ आकाश गुप्ता, एससी वर्ग में 158 अंकों के साथ रितिक और एसटी वर्ग में 124 अंकों के साथ संजय शाह ने पहला स्थान हासिल किया।
एमकॉम - मेरिट में हर्षिता प्रकाश (230), अंकित पाल (220) एवं आकृति प्रकाश (218.5) क्रमश: पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। हर्षिता महिला वर्ग में भी टॉपर रहीं। वहीं, ओबीसी वर्ग में अंकित पाल ने टॉप किया जबकि एससी वर्ग में आदित्य कुमार (176) एवं एसटी वर्ग में हिमालय गोंड (153) ने पहला स्थान अर्जित किया।
बीकॉम में प्रवेश के लिए कटऑफ अंक जारी
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में 19 जून से प्रवेश की खिड़की खुल जाएगी। सबसे पहले बीकॉम से प्रवेश की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके लिए इविवि प्रशासन की ओर से कटऑफ अंक जारी कर दिए गए हैं। 19 जून को सभी वर्ग में 191 या अधिक अंक एवं एसटी वर्ग में 102 या अधिक, 20 जून को ओबीसी वर्ग में 174 या अधिक एवं एसटी वर्ग में 90 या अधिक और 21 जून को सभी वर्ग में 189 या अधिक, एससी वर्ग में 150 या अधिक एवं एसटी वर्ग में 86 या अधिक अंक पाने वाले अभ्यर्थियों को सुबह नौ से 12 बजे के बीच प्रवेश भवन में रिपोर्ट करने को कहा गया है।
बीएएलएलबी - रितिका सिंह (214 अंक) टॉपर रहीं जबकि अदिति मिश्रा (212 अंक) और काव्या अरोड़ा (210) को मेरिट में क्रमश: दूसरा एवं तीसरा स्थान मिला। रितिका ने महिला वर्ग में भी टॉप किया। वहीं, विजप्रीत पाल ने 200 अंकों के साथ ओबीसी वर्ग, बीडी राव कुंदन ने 188 अंकों के साथ एससी वर्ग और पंकज कुमार ने 148 अंकों के साथ एसटी वर्ग में पहला स्थान अर्जित किया।
एलएलबी - अनुज बघेल 210 अंकों के साथ टॉप जबकि सुभाष मिश्र 204 और कमल देव पांडेय 200 अंकों के साथ मेरिट में क्रमश: दूसरे एवं तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, ओबीसी श्रेणी में भी अनुज बघेल टॉपर रहे जबकि महिला वर्ग में शालू सिंह (196), एससी वर्ग में रितेश कुमार (186), एसटी श्रेणी में केएम शिवांगी (184) पहले स्थान पर रहीं।