-26 सितंबर से पांच अक्तूबर तक प्रस्तावित है इविवि की प्रवेश परीक्षा
-क्रेट को छोड़ बाकी सभी पाठ्यक्रमों की परीक्षा में बहुविकल्पीय सवाल
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) एवं संघटक महाविद्यालयों की प्रवेश परीक्षा 26 सितंबर से पांच अक्तूबर के बीच प्रस्तावित है। प्रवेश परीक्षा 11 शहरों के 110 केंद्रों में आयोजित की जाएगी। प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि पांच सितंबर निर्धारित की गई है। इसके बाद ही परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम जारी किया जाएगा। परीक्षार्थियों की अंतिम संख्या के हिसाब से परीक्षा केंद्रों की संख्या में परिवर्तन किया जा सकता है।
प्रवेश परीक्षा के लिए प्रयागराज, लखनऊ, वाराणसी, झांसी, गोरखपुर, कानपुर, पटना और नई दिल्ली में ऑनलाइन एवं ऑनलाइन, दोनों मोड में परीक्षा होगी। वहीं, बंगलुरू, कोलकाता और तिरुवनंतपुरम में केवल ऑनलाइन मोड में प्रवेश परीक्षा आयोजत की जाएगी। परीक्षा के लिए प्रस्तवित कुल 110 केंद्रों में से 62 केंद्रों में ऑफलाइन और 48 केंद्रों में ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा होगी। संयुक्त शोध प्रवेश परीक्षा (क्रेट) को छोड़कर बाकी सभी पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा में बहुविकल्पीय प्रकार के सवाल पूछे जाएंगे। कुल दो घंटे का पेपर होगा और परीक्षार्थियों को 150 सवालों के जवाब देने होंगे।
परीक्षा केंद्रों की वास्तविक संख्या पांच सितंबर को आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्धारित की जाएगी। हालांकि यह तय है कि सभी परीक्षा केंद्रों में परीक्षार्थियों को न्यूनतम छह-छह फीट की दूरी पर बैठाया जाएगा। इस व्यवस्था को लागू करने की जिम्मेदारी सेंटर सुप्रीटेंडेंट पर होगी। सरकार की ओर से कोविड-19 को लेकर जारी की गई गाइडलाइन का परीक्षा केंद्रों में अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।
इविवि में प्रवेश के लिए 1.24 लाख आवेदन
प्रयागराज। इविवि एवं संघटक महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए रविवार शाम तक 238814 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराए और इनमें से 124338 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन शुल्क जमा करते हुए आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर ली।
स्नातक के लिए सर्वाधिक 66524, परास्नातक के लिए 18153, आईपीएस के विभिन्न पाठ्यक्रमों के लिए 2204, बीएएलएलबी के लिए 7762, एलएलबी के लिए 13872, बीएड के लिए 4604, एमएड के लिए 1125, एमबीए/एमबीएआरडी के लिए 1460, एलएलएम के लिए 3499 और क्रेट के लिए 5135 आवेदन आ चुके हैं।