धूमनगंज के बम्हरौली मेें जमीन के विवाद में ट्रांसपोर्टर पर बीच सड़क रोककर जानलेवा हमला किया गया। लोहे की रॉड से पीटने के बाद फायरिंग भी की गई। जिसमें वह बाल-बाल बच गया। पिटाई से घायल ट्रांसपोर्टर को कॉल्विन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में चार लोगों पर नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है।
हटवा कौशाम्बी निवासी इरफान ट्रांसपोर्टर है। भांजे फैसल का आरोप है कि दो दिन पहले इरफान रात में गाड़ी का हिसाब करने के बाद नैनी से लौट रहा था। 2.30 बजे के करीब बम्हरौली स्थित फूलपती स्कूल के पास सफेद रंग की कार ने टक्कर मार दी। इसके बाद गाड़ी से उतरे वसी निवासी हटवा, जैद निवासी सोरांव, जलालुद्दीन उर्फ कल्लू निवासी मरियाडीह व चार अज्ञात लोग असलहे व लोहे की रॉड से उस पर हमला बोल दिया। वसी व जैद ने गोली चलाई और फिर साथियों संग मिलकर बेतहाशा पिटाई की।
इरफान के बेहोश होने पर वह उसे छोड़कर भाग निकले। आरोप है कि जाते वक्त उसके पास मौजूद 35700 रुपये भी लूट ले गए। सूचना पर पहुुंचे घरवाले उसे काल्विन अस्पताल ले गए जहां उसका इलाज चल रहा है। फैसल का कहना है कि जमीन के विवाद में वसी व जैद इरफान को पहले भी धमका चुके हैं। पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीन नामजद व चार अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच की जा रही है।