नोट बदलने के फैसले के सप्ताह भर से अधिक समय बीत जाने के बाद भी शहर के एटीएम पटरी पर नहीं आ सके हैं। बड़ी संख्या में बंद एटीएम से लोगों की परेशानी बढ़ा रहे हैं। पैसा नहीं होने और इनके समय से नहीं खुलने के कारण लोगों का गुस्सा बढ़ रहा है। एटीएम आने वाले लोग सरकार को इस बात के लिए कोसते हैं कि उनका ही पैसा उन्हें नहीं मिल रहा है। बैंकों में नोट नहीं बदल रहे, एटीएम से पैसे नहीं मिल रहे, ऐसे में वह घरेलू खर्च कैसे चलाएं।
अल्लापुर लेबर चौराहे से लेकर पानी टंकी चौराहे के पास सात एटीएम हैं। सभी एटीएम पर लंबी लाइन लगी है। इसमें पंजाब नेशनल बैंक का एटीएम तो कब खुलता है, इस बारे में आसपास के लोग भी नहीं बता सके। यहां एसबीआई, एचडीएफसी, एक्सिस बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम हैं, इसमें मात्र एचडीएफसी और एक्सिस बैंक के एटीएम ही लोगों को नोट दे पा रहे हैं।
कीडगंज में बैंक ऑफ बड़ौदा, पीएनबी, एचडीएफसी एवं एक्सिस बैंक के एटीएम हैं। यहां भी एचडीएफसी और एक्सिस बैंक को छोड़कर सरकारी क्षेत्र के बैंकों के एटीएम पूरी तरह से नकारा साबित हो रहे हैं। यही हाल शहर के करेली, राजरूपपुर, धूमनगंज, एलनगंज, विवि के आसपास के क्षेत्रों में दिखाई पड़ा।