Prayagraj News : पूर्व सांसद अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन को लखनऊ में एआईएमआईएम की सदस्यता ग्रहण कराते राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद असददुद्दीन ओवैसी।
- फोटो : prayagraj
पूर्व सांसद और पांच बार विधायक रहे अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन के ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) में शामिल होने से एक बार फिर शहर पश्चिम की सीट सुर्खियों में आ गई है। एआईएमआईएम शाइस्ता या उनके पति अतीक अहमद को इस सीट से उम्मीदवार बनाती है तो इससे समाजवादी पार्टी की चुनौती बढ़ सकती है। वहीं मुस्लिम वोटों के बिखराव से भाजपा को सीधे फायदा मिलने की संभावना है।
प्रयागराज की शहर पश्चिम सीट पर अतीक अहमद का खासा प्रभाव है। वह यहां से खुद पांच बार विधायक रहने के अलावा एक बार अपने भाई खालिद अजीम उर्फ अशरफ को भी जिता चुके हैं। अतीक के चुनाव मैदान में आने से सपा के परंपरागत मुस्लिम वोटों में सेंधमारी हो सकती है। चुनावी आंकड़ों पर नजर डालें तो 1989, 1991, 1993 में निर्दलीय विधायक रहे अतीक के दम पर ही यहां समाजवादी पार्टी ने जीत का परचम लहराया था। अतीक ने 1996 में बीजेपी के तीरथ राम कोहली को 35099 वोट से हराया था। 2002 में अतीक ने अपना दल के टिकट पर सपा के गोपालदास यादव को 11808 वोट से पराजित किया। वर्ष 1989 से 2002 तक इस सीट पर मुस्लिम मतदाताओं के समीकरण अतीक पर ही टिके रहे हैं।