कंपनी बाग में टहल रहे प्रापर्टी डीलर पीयूष ओझा से दो लाख की रंगदारी मांगी गई। बदमाश ने पीयूष के साथ मारपीट भी की। अंत में कहा कि दो नहीं तो एक लाख ही दे दो नहीं तो जान से मार दिया जाएगा। कर्नलगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
म्योर रोड के अवधपुरी कालोनी के रहने वाले पीयूष ओझा प्रापर्टी डीलिंग का काम करते हैं। पांच अगस्त की शाम वह कंपनी बाग में टहलने गए थे। डा. बजाज क्लीनिक के सामने एक युवक ने उन्हें रोका और उनसे नाम पूछने के बाद दो लाख रुपये रंगदारी मांगी। उन्होंने बस इतना पूछा कि क्यों पैसे दें। इतना सुनते ही युवक ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीयूष ने भागने की कोशिश की लेकिन उन्हें गाली गलौज और मारपीट करते हुए बम मारने की धमकी दी। फिर कहा कि ‘मेरा नाम सुदीप पंडित है’ दो लाख नहीं दे सकते तो एक लाख दो, नहीं तो मार दूंगा। बदमाश के जाने के बाद पीयूष ने तुरंत इंस्पेक्टर को फोन कर सूचना दी। पुलिस ने जांच के बाद 14 अगस्त को सुदीप पंडित के खिलाफ रंगदारी समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली।