किरायेदार छात्राओं के बाथरूम में स्पाई कैमरा लगाने का आरोपी आशीष खरे दो दिन के लिए पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। पुलिस की अर्जी पर कोर्ट ने इसकी अनुमति दी है। आरोपी को रिमांड पर लेकर पुलिस उससे न सिर्फ पूछताछ करेगी बल्कि मौके से बरामद डीवीआर व अन्य सामान के बारे में भी जानकारी जुटाएगी।
पुलिस ने कोर्ट में अर्जी दी थी कि मुकदमे की विवेचना के लिए आरोपी से पूछताछ किया जाना जरूरी है। इसके लिए उसे पुलिस रिमांड पर दिया जाना चाहिए। सहायक अभियोजन अधिकारी धीरेंद्र पांडेय ने पुलिस की ओर से दिए गए प्रार्थनापत्र पर बहस की। जिसके बाद कोर्ट ने आरोपी की दो दिन की कस्टडी रिमांड मंजूर की।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि उसे नौ व 10 जून दो दिन केलिए कस्टडी रिमांड पर लिया जाएगा। उसकी रिमांड अवधि नौ जून की सुबह से शुरू होकर 10 जून की शाम तक होगी। इस दौरान उससे पूछताछ की जाएगी और मुकदमे से संबंधित अन्य साक्ष्य जुटाने की कोशिश की जाएगी।
तीन दिन पहले भेजा गया था जेल
आशीष व बाथरूम में कैमरा फिट करने वाला फैय्याज तीन दिन पहले गिरफ्तार कर जेल भेजे गए थे। पुलिस ने दो जून को आशीष के खिलाफ बाथरूम में स्पाई कैमरा लगाने के आरोप में गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था। हालांकि उसे कोर्ट से जमानत मिल गई थी। दो दिन बाद उसके खिलाफ कर्नलगंज निवासी एक छात्रा ने अश्लील मैसेज भेजने व फोन पर गालीगलौज करने के आरोप में केस दर्ज कराया था। जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर कोर्ट की अनुमति से जेल भेजा गया था।