अर्द्धवार्षिक परीक्षा के अंक अपलोड न करने वाले विद्यालयों से मांगा जवाब
प्रयागराज। माध्यमिक शिक्षा परिषद क्षेत्रीय कार्यालय के अपर सचिव ने अर्द्धवार्षिक परीक्षा का अंक यूपी बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड न करने वाले विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से जवाब मांगा है। प्रधानाचार्यों को अंक अपलोड न करने की वजह के साथ अतिशीघ्र जवाब देना है।
यूपी बोर्ड की ओर से वार्षिक कैलेंडर जारी करते हुए सभी प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया था कि समय से अर्द्धवार्षिक परीक्षा आयोजित करवाते हुए कक्षा नौ, दस के अंक एवं 11 व 12 के लिखित और प्रयोगात्मक परीक्षा के अंक परिषद की वेबसाइट पर निर्धारित समय में अपलोड कर देंगे। लेकिन जिले के तमाम विद्यालयों ने अभी तक अर्द्धवार्षिक परीक्षा के अंक अपलोड नहीं किए। इस पर अपर सचिव ने नाराजगी जताई है। साथ ही अंक अपलोड न करने वाले कॉलेजों के प्रधानाचार्यों से जवाब मांगा है कि किन वजहों से अंक अपलोड नहीं किए गए। ताकि सचिव यूपी बोर्ड को इस बारे में अवगत कराया जा सके। जवाब न देने की स्थिति में प्रधानाचार्यों उत्तरदायी होंगे। संवाद