15 मिनट के सफर को तय करने में लगता है एक घंटा, जाम के इंतजाम नाकाफी
15 मिनट के सफर को तय करने में एक घंटा लग रहा है। जाम से निजात दिलाने के लिए कई बार अधिकारियों ने बैठक कर कार्य योजना बनाई लेकिन सबकुछ नाकाफी साबित हो रहा। यह बातें मेडिकल चौराहे के जाम में फंसे लोगों की जुबान पर थीं। उनका कहना था कि सुबह-शाम के जाम से निपटने के लिए यातायात पुलिस के पास कोई खास इंतजाम नहीं है। रोज शहर के मुख्य चौराहों पर भीषण जाम की स्थिति बनी ही रहती है।
शुक्रवार सुबह से ही मेडिकल और अलोपीबाग चौराहे पर भीषण जाम लगा रहा। उमसभरी गर्मी और धूप में वाहन रेंगते रहे। लोग पसीने से तरबतर नजर आए। सुबह करीब साढ़े नौ बजे मेडिकल चौराहे पर चौतरफा जाम लग गया। चौराहे पर तैनात यातायात पुलिसकर्मी भी जाम खुलवाने के लिए पसीने बहाते रहे। अलोपीबाग में भी जाम की यही स्थिति रही। इसके अलावा देर शाम जाम के कारण जानसेनगंज में भी गाड़ियां रेंगती नजर आईं।
स्कूल में छुट्टी के बाद सड़कों पर लग रहा जाम
स्कूली बच्चों की छुट्टी के बाद भी सड़कों पर भीषण जाम लग जाता है। यातायात अधिकारी दावा करते हैं कि जाम से छुटकारा दिलाने के लिए स्कूलों के बाहर पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। लोग कह रहे हैं इसका कोई खास असर दिख नहीं रहा है।