इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में परास्नातक (पीजी) चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं ऑनलाइन मोड में कराए जाने की मांग को लेकर छात्रों ने सोमवार को विश्वविद्यालय परिसर में जमकर हंगामा किया। परीक्षा नियंत्रक कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन के बाद विश्वविद्यालय का मेन गेट चार घंटे तक बंद रखा गया। मामले में चीफ प्रॉक्टर ने एमए हिंदी अंतिम वर्ष के छात्र दुर्गेश कुमार सिंह को निलंबित कर दिया है और स्पष्टीकरण तलब किया है।
इविवि प्रशासन ने पीजी प्रथम और अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाओं का कार्यक्रम कुछ दिनों पहले ही जारी किया है। ज्यादातर पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं मई के अंतिम सप्ताह तक पूरी हो जाएंगी। परीक्षाएं ऑफलाइन मोड में कराई जाएंगी, जबकि छात्र चाहते हैं कि पीजी अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाएं ऑनलाइन मोड में कराई जाएं। उनका तर्क है कि आगामी दिनों में नेट/जेआरएफ, यूपीपीएससी, बिहार पीएससी, एनटीपीसी एवं तमाम प्रतियोगी परीक्षाएं हैं। ऐसे में छात्र पीजी की परीक्षाओं की तैयारी करें या प्रतियोगी परीक्षाओं की।
छात्रों का कहना है कि अगर ऑनलाइन मोड में परीक्षाएं कराई जाती हैं तो दूसरे जिलों में जाकर प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले छात्र पीजी की ऑनलाइन परीक्षाएं भी दे सकेंगे, वरना उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं से वंचित होना पड़ेगा। छात्रों ने इसी मुद्दे पर एक घंटे तक परीक्षा नियंत्रक कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। जब वहां उनकी बात नहीं सुनी गई तो वे केंद्रीय पुस्तकालय के सामने मेन गेट पर पहुंच गए और रास्ते पर ही धरने पर बैठ गए। छात्र चार घंटे वहां बैठे रहे। इस दौरान परिसर में आवागमन बाधित रहा।
इस मामले में चीफ प्रॉक्टर प्रो. हर्ष कुमार ने हंडिया निवासी एमए अंतिम वर्ष के छात्र दुर्गेश कुमार सिंह को निलंबित कर दिया है। छात्र के निलंबन नोटिस में कहा गया है कि उसने 50-60 छात्रों के साथ परिसर में घूमकर कक्षाओं को बाधित किया और हुजूम के साथ मेन गेट पर पहुंचकर रास्ता बंद कर दिया। इससे शिक्षकों, प्रशासनिक अधिकारियों, छात्रों और कर्मचारियों को दिक्कत हुई। दुर्गेश से कहा गया है कि वह नौ मई को अपराह्न तीन बजे अपने पिता के साथ कुलानुशासक कार्यालय में उपस्थित होकर स्पष्टीकरण दे।
अन्य पाठ्यक्रमों की परीक्षा का कार्यक्रम भी जारी
इविवि प्रशासन ने कुछ दिनों पहले पीजी की सेमेस्टर परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी किया था। कुछ पाठ्यक्रम बाकी रह गए थे, जिनकी परीक्षा का कार्यक्रम मंगलवार को जारी कर दिया गया। इविवि प्रशासन ने एमए हिंदी चतुर्थ सेमेस्टर का परीक्षा कार्यक्रम संशोधित किया है। यह परीक्षा अब 14 से 25 मई तक आयोजित की जाएगी।
वहीं, एमए मध्यकालीन एवं आधुनिक इतिहास प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा 12 से 23 मई, चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा 13 से 24 मई, एमए पेंटिंग चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा नौ से 18 मई, एमए एमएफए (पेंटिंग) चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा पांच से 16 मई, एमए अंग्रेजी साहित्य प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा 17 से 25 मई, चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा 18 से 24 मई, एमए संस्कृत प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा 17 से 31 मई एवं चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा 14 से 26 मई तक आयोजित की जाएगी।