पीजी प्रवेश परीक्षा में शामिल होंगे 35 हजार से अधिक अभ्यर्थी
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) एवं संघटक महाविद्यालयों में पीजी की तकरीबन 10 हजार सीटों पर प्रवेश के लिए कुल 35673 आवेदन आए हैं, जो एक इविवि एवं संघटक कॉलेजों में तीन वर्षीय एलएलबी पाठ्यक्रम की 900 सीटों पर 11472 अभ्यर्थियों ने दावेदारी की है। वहीं, इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज (आईपीएस) के पीजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 660 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं। सबसे अधिक आवेदन पीजीएटी-1 के तहत एमकाम, एलएलएम सहित 32 पाठ्यक्रमाें और पीजीएटी-2 के तहत बीएड, एमएड, एमबीएआरडी, एमबीए सहित 24 पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए हुए हैं। इन पाठ्यक्रमों के लिए कुल 23541 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं।
18 हजार से अधिक अभ्यर्थी ऑफलाइन देंगे परीक्षा
एलएलबी, एलएलएम, एमकॉम सहित पीजीएटी-1 के 32 पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों मोड में परीक्षाएं होंगी। आवेदन करने वाले कुल 35673 अभ्यर्थियों में से 16712 अभ्यर्थी ऑनलाइन और 18961 अभ्यर्थी ऑफलाइन मोड में परीक्षा के लिए पंजीकृत हैं। नई दिल्ली के साथ उत्तर प्रदेश में प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, वाराणसी, बरेली जिले में ऑफलाइन एवं ऑनलाइन दोनों मोड में परीक्षाएं होंगी। भोपाल, कोलकाता, पटना और तिरूअनंतपुरम में केवल ऑनलाइन मोड में परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा।