प्रो. एनके शुक्ला, रजिस्ट्रार इलाहाबाद विश्वविद्यालय।
- फोटो : अमर उजाला
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) के चीफ प्रॉक्टर कार्यालय में छात्र से मारपीट का कथित वीडियो वायरल होने के बाद परिसर में तनाव बढ़ गया है। लगातार चौथे दिन, बृहस्पतिवार को भी छात्रों का आंदोलन जारी रहा। लाइब्रेरी गेट के सामने धरने पर बैठे छात्रों से वार्ता करने और ज्ञापन लेने पहुंचे रजिस्ट्रार प्रो. एनके शुक्ला पर स्याही फेंक दी गई। रजिस्ट्रार ने मुकदमा दर्ज कराने के लिए कर्नलगंज थाने में तहरीर दी है।
छात्र सुबह 11.30 बजे से लाइब्रेरी गेट के सामने धरने पर बैठ गए थे। छात्र इस मांग पर अड़े थे कि चीफ प्रॉक्टर डॉ. राकेश सिंह एवं असिस्टेंट प्रॉक्टर डॉ. अतुल नारायण सिंह को पद से हटाते हुए बर्खास्त किया जाए और इविवि के चौकी इंचार्ज को निलंबित किया जाए। छात्र पूरे दिन धरने पर बैठे रहे। शाम 4.30 बजे इविवि के रजिस्ट्रार प्रो. एनके शुक्ला छात्रों से ज्ञापन लेने और वार्ता करने पहुंचे।
इस बीच भीड़ में से ही किसी ने रजिस्ट्रार प्रो. एनके शुक्ला के चेहरे और कपड़ों पर स्याही फेंक दी। रजिस्ट्रार के बगल में खड़े एक पुलिस अधिकारी पर भी स्याही के कुछ छींटे पड़ गए। स्याही फेंकने के बाद भीड़ में मौजूद छात्रों ने नारेबाजी शुरू कर दी और माहौल बिगड़ने लगा। पुलिस कर्मी भीड़ के बीच से रजिस्ट्रार को किसी तरह बाहर लेकर आए।