Prayagraj News : इलाहाबाद विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह की तैयारी चल रही है।
- फोटो : प्रयागराज
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) के दीक्षांत समारोह का इविवि के फेसबुक पेज और यूट्यूब चैनल पर सीधी प्रसारण किया जाएगा। समारोह सोमवार सुबह 10 बजे से इविवि के सीनेट हॉल में आयोजित किया जाएगा, जिसमें मेधावियों को मेडल और शोधार्थियों को डिग्री प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान होंगे और इविवि के चांसलर आशीष कुमार चौहान विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
समारोह में 10 मेधावियों को कुलाधिपति पदक दिए जाएंगे, जिनमें चार स्वर्ण, चार रजत और दो कांस्य पदक शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न पाठ्यक्रमों के टॉपर्स को 263 मेडल प्रदान किए जाएंगे। साथ ही 550 शोधार्थियों को पीएचडी की डिग्री दी जाएगी। इस बाद एक साथ दो सत्रों 2018-19 और 2019-20 के लिए पदक एवं डिग्री बांटे जाएंगे। इविवि की ओर से पहली बार दो सर्वश्रेष्ठ शिक्षकों को द्रोणाचार्य अवार्ड और दो सर्वश्रेष्ठ शोधार्थियों को मेघनाद साहा अवार्ड दिया जा रहा है, जिसकी घोषणा समारोह के दौरान की जाएगी।
समारोह में शामिल होने वाले प्रतिभागियों को सुबह नौ बजे तक अपना स्थान ग्रहण कर लेने को कहा गया है। पीएचडी की डिग्री लेने वाले शोधार्थी, पदक विजेता एवं स्टाफ के लोग केपीयूसी हॉस्टल के सामने वाले गेट से और वीआईपी, अन्य तिथि, कार्य परिषद एवं एकेडमिक कौंसिल के सदस्य, शिक्षक लाइब्रेरी गेट से इविवि परिसर में प्रवेश करेंगे। पार्किंग की व्यवस्था एफसीआई बिल्डिंग में की गई है।
Prayagraj News : इलाहाबाद विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह की तैयारी चल रही है।
- फोटो : प्रयागराज
झूंसी की समीक्षा को सात स्वर्ण पदक
इविवि के दीक्षांत समारोह में झूंसी के कोटवा जमुनीपुर निवासी समीक्षा सिंह को सात स्वर्ण पदक दिए जाएंगे। समीक्षा के पिता डॉ. मार्तंड सिंह इलाहाबाद डिग्री कॉलेज में हिंदी के विभागाध्यक्ष हैं और मां प्रतिभा सिंह गृहणी हैं।
समीक्षा आईएएस अफसर बनना चाहती हैं। समीक्षा को एमए अंग्रेजी साहित्य परीक्षा 2020 में प्रथम स्थान के लिए शशिलता वीरभद्र झा गोल्ड मेडल, एमए अंग्रेजी साहित्य परीक्षा-2020 में छात्राओं में सर्वश्रेष्ठ स्थान प्राप्त करने के लिए भागभरी हांडू गोल्ड मेडल, पीजी परीक्षा-2020 में कला संकाय में प्रथम स्थान के लिए इलाहाबाद जुबली गोल्ड मेडल, खजूरगांव राज गोल्ड मेडल एवं पुरुषोत्तम दास चतुर्वेदी स्मृति स्वर्ण पदक, पीजी परीक्षा-2020 में कला एवं वाणिज्य संकाय में प्रथम स्थान के लिए विमल प्रसाद जैन गोल्ड मेडल और पीजी परीक्षा-2020 में कला संकाय की छात्राओं के बीच प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए श्रीलक्ष्मी प्रसाद वर्मा गोल्ड मेडल प्रदान किया जाएगा।
मीरापुर की वैशाली को यूनिवर्सिटी गोल्ड मेडल
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में सत्र 2018-19 में एमएससी पर्यावरण विज्ञान की छात्रा रहीं वैशाली श्रीवास्तव को यूनिवर्सिटी गोल्ड मेडल दिया जाएगा। मीरापुर निवासी वैशाली वर्तमान में इविवि से पीएचडी कर रहीं हैं। उनके पिता प्रमोद कुमार श्रीवास्तव इलाहाबाद हाईकोर्ट में अधिवक्ता और मां शिखा श्रीवास्तव शिक्षिका हैं।