विश्वविद्यालय के सभी विभाग भी रहेंगे बंद
नौ जनवरी को नोटिफिकेशन जारी होने के बाद विश्वविद्यालय एवं संघटक महाविद्यालयों में सभी पाठ्यक्रमों में ऑफलाइन प्रवेश प्रक्रिया स्थगित कर दी गई थी। शनिवार को जारी नोटिफिकेशन के अनुसार विश्वविद्यालय बंद होने के कारण सभी विभाग भी बंद रहेंगे, सो पीजी की प्रवेश प्रक्रिया भी स्थगित रहने के आसार हैं। वहीं, प्रवेश भवन के खुलने की भी कोई उम्मीद नहीं है। ऐसे में यूजी के प्रवेश भी फंसेंगे।
पिछले नोटिफिकेशन के बाद दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए प्रस्तावित मेडिकल परीक्षण और स्पोर्ट्स कोटा का प्रवेश भी अग्रिम सूचना तक स्थगित कर दिया गया था। वहीं, संघटक महाविद्यालयों ने भी यूजी और पीजी में ऑफलाइन प्रवेश प्रक्रिया स्थगित कर दी थी। ऐसे में महाविद्यालयों में भी यूजी एवं पीजी के ऑफलाइन प्रवेश फंसेंगे। इविवि की पीआरओ डॉ. जया कपूर के अनुसार रजिस्ट्रार के नोटिफिकेशन के अनुसार 21 तक विश्वविद्यालय बंद रहेगा।
सीएमपी में कल पीजी में ऑनलाइन प्रवेश
सीएमपी में 17 जनवरी को परास्नातक (पीजी) के पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन प्रवेश लिए जाएंगे। प्रचार्य डॉ. बृजेश कुमार के अनुसार रसायन शास्त्र, वनस्पति विज्ञान, जंतु विज्ञान, भौतिक शास्त्र, गणित, एमकाम, अंग्रेजी, दर्शनशास्त्र, मनोविज्ञान, संस्कृत, उर्दू, शिक्षाशास्त्र, भूगोल, मध्यकालीन इतिहास, राजनीति शास्त्र, समाजशास्त्र, प्राचीन इतिहास, हिंदी, अर्थशास्त्र एवं एलएलएम में प्रवेश के लिए कटऑफ अंक महाविद्यालय की वेबसाइट ‘www.cmpcollege.ac.in’ पर उपलब्ध हैं। अभ्यर्थी महाविद्यालय के प्रवेश पोर्टल ‘www.cmpadmission.cmpcollege.ac.in’ पर प्रवेश संबंधी कार्यवाही पूरी कर सकते हैं।