Prayagraj News : इलाहाबाद विश्वविद्यालय की पीजी प्रवेश परीक्षा देकर निकलते छात्र।
- फोटो : प्रयागराज
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) एवं संघटक महाविद्यालयों में सत्र 2021-22 में परास्नातक के विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए शुक्रवार को हुई परीक्षा में 84 फीसदी अभ्यर्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। प्रवेश प्रकोष्ठ के चेयरमैन प्रो. आशीष सक्सेना के अनुसार परीक्षा के लिए पंजीकृत कुल 14158 अभ्यर्थियों में से 11893 परीक्षार्थी उपस्थित और 2265 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। शनिवार को एलएलबी की प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी।
पीजीएटी-1 में प्रवेश के लिए परीक्षा ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों मोड में आयोजित की गई। ऑनलाइन मोड में हुई प्रवेश परीक्षा के लिए पंजीकृत 4266 अभ्यर्थियों में 3390 अभ्यर्थी (79.47) उपस्थित और 876 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं, ऑफलाइन मोड में हुई परीक्षा के लिए 9892 अभ्यर्थी पंजीकृत थे।
इनमें से 8503 परीक्षार्थी (85.96 फीसदी) शामिल हुए और 1389 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। 30 अक्तूबर को एलएलबी की प्रवेश परीक्षा होगी। ऑनलाइन मोड में प्रवेश परीक्षा के लिए 16 शहरों में 36 केंद्र बनाए गए हैं और इन केंद्रों में परीक्षा के लिए 3053 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। वहीं, ऑफलाइन प्रवेश परीक्षा नौ शहरों के 23 केंद्रों में होगी। ऑफलाइन प्रवेश परीक्षा के लिए 7275 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं।
राज्य विवि की बीएड परीक्षा में पकड़े गए चार नकलची
प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भइया) राज्य विश्वविद्यालय के संघटक बीएड संचालित महाविद्यालयों के सत्र 2020-21 की बीएड प्रथम सेमेस्टर की संस्थागत, भूतपूर्व एवं बैक परीक्षा में शुक्रवार को चार परीक्षार्थी नकल करते हुए पकड़े गए। यह परीक्षा प्रयागराज मंडल के चारों जिलों प्रयागराज, कौशाम्बी, फतेहपुर, प्रतापगढ़ के 27 केंद्रों में आयोजित की गई। दो पालियों में हुई परीक्षा में 24982 परीक्षार्थी उपस्थित रहे और 38 विद्यार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।