यूपी बोर्ड की ओर से परीक्षा शुरू होने केएक दिन पहले प्रदेश भर में मनमाने तरीके से बनए गए परीक्षा केंद्रों में एक इलाहाबाद शहर में नलिन पब्लिक स्कूल असरावल, झलवा शामिल है। इस परीक्षा केंद्र पर अपने ही विद्यालय की छात्राओं का परीक्षा केंद्र बनाया गया है। बोर्ड की ओर से अंतिम समय में 80 छात्राओं के लिए नया परीक्षा केंद्र बनाया जाना चर्चा में बना है। इस परीक्षा केंद्र पर हाईस्कूल की 45 एवं इंटरमीडिएट की 35 छात्राओं का केंद्र बनाया गया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक कोमल यादव ने अंतिम समय में एक केंद्र बनाए जाने की बात स्वीकार की है। यूपी बोर्ड की ओर से अंतिम समय में नकलमंडी के तौर पर कुख्यात झलवा क्षेत्र में अंतिम समय में नया परीक्षा केंद्र बनाए जाने पर बोर्ड परीक्षा की शुचिता पर सवाल खड़ा हो रहा है। जिले में नए परीक्षा केंद्र बनाए जाने की बात सामने आने के बाद प्रधानाचार्यों का कहना है कि बोर्ड की ओर से तीन और नए केंद्र बनाए गए हैं, अधिकारी इसकी जानकारी छिपा रहे हैं।