उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा-2015 (यूपी-टीईटी) दो फरवरी को प्रदेश के लगभग 1200 परीक्षा केंद्रों पर होगी। सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी की ओर से होने वाली इस परीक्षा में साढ़े नौ लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे। इस बार परीक्षार्थियों की संख्या बढ़ने के कारण दो सौ अतिरिक्त परीक्षा केंद्र बनाए जा रहे हैं।
परीक्षा केंद्र तय करने के लिए मुख्य सचिव की ओर से प्रदेश के सभी मंडलायुक्तों एवं जिलाधिकारियों को भेजे पत्र में परीक्षा केंद्र तय करने में मदद करने को कहा गया है। परीक्षा केंद्र तय करने की समय सीमा पूरी हो जाने केबाद भी प्रदेश के कुछ जिलों इलाहाबाद, लखनऊ, मथुरा, अलीगढ़, बस्ती, मिर्जापुर के अधिकारियों की ओर से परीक्षा केंद्रों की जानकारी नहीं भेजी गई है।
प्रदेश के उच्च प्राथमिक विद्यालयों में विज्ञान-गणित शिक्षक की भर्ती में मौका दिए जाने की मांग को लेकर टीईटी में 82 अंक पाने वाले आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों ने बुधवार को सचिव बेसिक शिक्षा परिषद कार्यालय पर धरना दिया। इन अभ्यर्थियों का कहना है कि कोर्ट के निर्देश के बाद भी उन्हें नियुक्ति नहीं दी जा रही है।