जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर एक से कुछ कदम की दूरी पर बृहस्पतिवार रात जीआरपी ने एक युवक का खून से लथपथ शव बरामद किया। युवक का एक पैर कटा हुआ था। मृतक के पास से मिले मोबाइल से पुलिस ने घरवालों को सूचना दी तो घरवाले रोते-बिलखते घर पहुंचे। जीआरपी ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आशंका है कि उसने ट्रेन के आगे कूदकर खुदकुशी की है।
शहर के दरियाबाद मोहल्ले के फै सल (30) की चक बहादुरगंज में कास्मेटिक की दुकान थी। वह बृहस्पतिवार रात दुकान बंद कर भाई ताहिर अफजल के साथ घर पहुंचा। रात लगभग 11 बजे वह घर से बिना कुछ बताए निकल गया। जब घर लौटने में देर होने लगी तो भाई ने मोबाइल पर कॉल किया तो फैसल ने कहा कि कुछ देर में लौटकर घर पहुंच रहा है। दोबारा कॉल करने पर उसका मोबाइल ऑफ हो गया। इसके बाद घरवाले उसकी खोजबीन करने लगे। देररात जीआरपी को सूचना प्लेटफार्म नंबर एक के पश्चिमी छोर के रेलवे ट्रैक पर शव पड़ा है।
जीआरपी ने शव कब्जे लेकर तलाशी ली तो मृतक का मोबाइल मिला। शुक्रवार सुबह जीआरपी ने मोबाइल फोन से घरवालों को खबर दी तो परिजन रोते बिलखते पहुंचे। फैसल की मौत से मां जुबैदा और भाई ताहिर अफजल का रोकर बुरा हाल था। आशंका है कि कारोबार में किसी बात को लेकर फैसल परेशान था। इसी के चलते उसने ऐसा कदम उठाया है।