विधि की सेमेस्टर परीक्षा के विरोध में दाखिल याचिका पर जानकारी तलब
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में सात जुलाई से प्रस्तावित एलएलबी प्रथम एवं चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं निरस्त किए जाने की मांग को लेकर 17 दिनों से आंदोलन कर रहे छात्रों की ओर से दाखिल याचिका पर हाईकोर्ट ने इविवि से जानकारी मांगी है। इसके लिए विश्वविद्यालय के अधिवक्ता ने एक दिन का समय मांगा, जिस पर कोर्ट ने बुधवार को सुनवाई के लिए तारीख तय कर दी। यह आदेश न्यायमूर्ति नीरज तिवारी ने प्रवीन कुमार सोनी व 22 अन्य की याचिका पर सुनवाई करते हुए दिया।
याचियों की ओर से मांग की गई है कि उनकी परीक्षा ओपन बुक या एसाइनमेंट आधारित मूल्यांकन के माध्यम से कराई जाए। याची के अधिवक्ता अखिलेश त्रिपाठी ने तर्क दिया कि कोविड-19 के कारण सत्र काफी पिछड़ गया है। बार कौंसिल ऑफ इंडिया की गाइडलाइन के अनुसार एक सेमेस्टर की कक्षाएं कम से कम 15 सप्ताह की होनी चाहिए, लेकिन इलाहाबाद विश्वविद्यालय में केवल 48 दिन यानी सात हफ्ते तक ही कक्षाएं चलीं।