प्रयागराज रामबाग से इन ट्रेनों का होगा संचालन
माघ मेले के प्रमुख स्नान पर्व मकर संक्रांति, पौष पूर्णिमा, मौनी अमावस्या, बसंत पंचमी और महाशिवरात्रि पर्व पर प्रयागराज रामबाग से स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। इस दौरान गाड़ी संख्या 05109 बनारस-प्रयागराज रामबाग अनारक्षित मेला विशेष गाड़ी 14, 24 जनवरी, आठ, 13, 23 फरवरी व सात मार्च को बनारस से रात 10.30 बजे चलकर रात दो बजे रामबाग पहुंचेगी। वापसी में 05110 के रूप में यही विशेष गाड़ी 15, 25 जनवरी, नौ, 14, 24 फरवरी व आठ मार्च को रामबाग से सुबह 09.25 बजे चलेगी और दोपहर एक बजे बनारस पहुंच जाएगी।
इसी तरह 05111 बनारस-प्रयागराज रामबाग अनारक्षित मेला विशेष गाड़ी 15, 25 जनवरी, नौ, 14, 24 फरवरी व आठ मार्च को बनारस से सुबह 08.00 बजे चलेगी और 11.30 बजे प्रयागराज रामबाग पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 05112 का संचालन 15, 25 जनवरी, नौ, 14, 24 फरवरी व आठ मार्च को रामबाग से शाम 5.10 बजे होगा जो रात 8.45 बजे बनारस पहुंचेगी। वहीं गाड़ी संख्या 05113 भटनी-प्रयागराज रामबाग अनारक्षित मेला विशेष ट्रेन आठ फरवरी को भटनी से रात 8.45 भजे चलकर रात 3.20 बजे रामबाग पहुंचेगी।
वापसी में 05114 ट्रेन नौ फरवरी को प्रयागराज रामबाग से दोपहर 12.45 बजे चलेगी और शाम 7.45 बजे भटनी पहुंचेगी। 05115 गोरखपुर-प्रयागराज रामबाग अनारक्षित मेला विशेष गाड़ी आठ फरवरी को गोरखपुर से शाम चार बजे चलेगी और रात 11.50 बजे रामबाग पहुंचेगी। वापसी में 05116 नौ फरवरी को रामबाग से रात आठ बजे चलकर अगले दिन सुबह 05.25 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। इन सभी विशेष ट्रेनों में सामान्य द्वितीय श्रेणी के 10, एसएलआर के दो कोचों यानी कुल 12 कोच रहेंगे।
प्लेटफॉर्म दो से होगा प्रयागराज-अहमदाबाद एक्सप्रेस का संचालन
रेलवे प्रशासन ने प्रयागराज जंक्शन से अहमदाबाद जाने वाली एक्सप्रेस के प्लेटफॉर्म में बदलाव कर दिया है। गाड़ी संख्या 22967/22968 प्रयागराज-अहमदाबाद एक्सप्रेस अब सात के बजाय प्लेटफॉर्म नंबर दो से चलेगी। प्रयागराज से इसकी रवानगी पहले की तरह शाम 6:50 बजे ही रहेगी। वहीं इसके यहां आगमन का समय 4:50 बजे रहेगा। अहमदाबाद एक्सप्रेस का प्रत्येक शुक्रवार को ही आवागमन होता है। 12 जनवरी से यह बदलाव शुरू हो जाएगा।
प्रयागराज छिवकी-इटारसी एक्सप्रेस निरस्त
पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल के इटारसी-जबलपुर रेलखंड पर नॉन इंटरलॉकिंग कार्य की वजह से प्रयागराज-इटारसी एक्सप्रेस को निरस्त किया जा रहा है। गाड़ी संख्या 11273 इटारसी-प्रयागराज छिवकी 14 से 17 जनवरी और 11274 प्रयागराज छिवकी-इटारसी एक्सप्रेस 15 से 18 जनवरी 24 तक निरस्त रहेगी।