Prayagraj News : डेंगू वार्ड में भर्ती मरीज।
- फोटो : अमर उजाला।
नगर आयुक्त ने बाइक से किया मुआयना
नगर आयुक्त चंद्र मोहन गर्ग शनिवार को डेंगू से निपटने के हो रहे इंतजाम को देखने के लिए बाइक से निकले। नगर आयुक्त सुबह पौने छह बजे नगर निगम परिसर स्थित अपने आवास से अपनी सरकारी गाड़ी से निकले। बीच रास्ते में सरकारी वाहन से उतरकर बाइक पर सवार हो गए और मानसरोवर चौराहे पर पहुंच गए। जोनल अधिकारी संजय ममगई को मौके पर बुलाया और वहां के हालात के बारे में जानकारी ली। इसके बाद नगर आयुक्त कटरा पहुंचे, जहां क्षेत्र के पार्षद आनंद अग्रवाल के साथ उन्होंने सफाई के इंतजाम को परखा। नगर आयुक्त ने सफाई निरीक्षकों को अच्छे तरीके से सफाई करने के निर्देश दिए और कहा कि वह इसी तरह व्यवस्थाओं को खुद परखेंगे और लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई करेंगे। इसके अलावा जिन क्षेत्र के कर्मचारी लगन व मेहनत से काम करेंगे उन्हें निगम की ओर से पुरस्कृत भी किया जाएगा।
डेंगू से मुक्ति के लिए भाजपाइयों ने किया अखंड रामायण पाठ
डेंगू के प्रकोप से लोगों को मुक्ति मिले इसके लिए भारतीय जनता पार्टी की ओर से शनिवार को अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया। इस दौरान भाजपा महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ रामायण का पाठ किया। कीडगंज स्थित कैंप कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने प्रभु से जग के कल्याण एवं डेंगू का प्रकोप खत्म होेने की प्रार्थना की। इस अवसर पर पार्षद सविता केसरवानी, राजेश केसरवानी, पप्पू पांडेय, विवेक अग्रवाल, राजू पाठक, गिरजेश मिश्रा, मनोज मिश्रा, राजन शुक्ला, अमर सिंह, मुकेश लारा, टीएन दीक्षित आदि मौजूद रहे।
डेंगू के 36 नए मरीज मिले
डेंगू के नए मरीजों की संख्या कम होती नजर नहीं आ रही। शनिवार को 36 नए मरीज पाए गए। फिलहाल 37 मरीजों का अस्पताल में व 43 का इलाज घर पर चल रहा है। वहीं जिला प्रशासन के अनुसार छह डेंगू संक्रमितों की अब तक मौत हो चुकी है।
डेंगू पर नियंत्रण न होने से नाराज सपाइयों का कलक्ट्रेट में प्रदर्शन
डेंगू पर नियंत्रण न हो पाने से नाराज सपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने शनिवार को कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया तथा ज्ञापन सौंपा। उन्होंने सरकारी क्रय केंद्रों पर धान खरीद नहीं होने की भी शिकायत की। नेताओं का कहना था कि डेंगू से कई लोगों की मौत हो चुकी है। सैकड़ों लोग बीमार हैं। इसके बावजूद प्रभावी तरीके से न फॉगिंग हो रही है और न ही छिड़काव। सफाई व्यवस्था भी ठीक नहीं है। इसकी वजह से बीमारी का खतरा बढ़ता जा रहा है।
उन्होंने क्रय केंद्रों पर धान की खरीद नहीं होने की बात भी कही। उनका कहना था कि किसानों को खाद और बीज भी नहीं मिल रहा । जबकि रबी की फसलों की बुआई शुरू हो गई है। उन्होंने व्यवस्था में सुधार की मांग की। ज्ञापन एडीएम सिटी मदन कुमार ने ली। ज्ञापन सौंपने वालों में निवर्तमान अध्यक्ष सै.इफ्तेखार हुसैन, पूर्व एमएलसी बासुदेव यादव, रविंद्र यादव, अजय श्रीवास्तव, दान बहादुर मुधुर, अमरनाथ मौर्य, तारिक सईद अज्जू आदि शामिल रहे।
स्टाफ नर्स से मांगा स्पष्टीकरण
डीएम संजय कुमार खत्री ने शनिवार को बेली अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती डेंगू के मरीजों से मुलाकात की तथा स्वास्थ्य व्यवस्था की जानकारी ली। एक मरीज ने सीवीसी जांच नहीं होने की शिकायत की। इस पर डीएम ने स्टाफ नर्स से स्पष्टीकरण तलब किया। उन्होंने मरीजों एवं तीमारदारों से उनके क्षेत्र में हो रही फॉगिंग एवं एंटी लार्वा छिड़काव की बाबत भी जानकारी ली। डीएम ने मरीजों के इलाज में किसी तरह की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी। इस दौरान सीएमओ डॉ. नानक सरन आदि मौजूद रहे।