काफी दिनों से मुहल्ले के लोग पानी के लिए हैं परेशान
कल्पना श्रीवास्तव, मनीष कुमार का कहना था कि ट्यूबवेल होने के बावजूद भी क्षेत्र के लोग पानी के लिए परेशान थे। दूसरे ट्यूबवेल से जोड़कर आपूर्ति की जा रही थी, लेकिन लो प्रेशर की समस्या थी। आए दिन ट्यूबवेल खराब होने के साथ पाइपलाइन में लीकेज हो जाता है।
तिलक नगर के भार्गव ट्यूबवेल से गंदा पानी आने की शिकायत लंबे समय से बनी हुई है। जलकल के अफसरों ने कई बार जांच की, लेकिन समाधान नहीं हो सका। ऐसे में पार्षद विनय मिश्रा और स्थानीय लोगों ने करीब एक महीने पहले ट्यूबवेल बंद करा दिया। तब से हजारों घरों में पेयजल की समस्या बनी रही।
दिल्ली से विशेषज्ञों की टीम भी पहुंची गड़बड़ी ढूंढने
इसके समाधान के लिए दिल्ली में विशेषज्ञों से संपर्क किया गया। गड़बड़ी ढूंढने के लिए दिल्ली से विशेषज्ञों की टीम भी पहुंच गई। टीम ने ट्यूबवेल की सफाई शुरू कर दी है। इस दौरान जल निगम व जलकल के अफसर, पार्षद विनय मिश्रा समेत अनेक लोग दिनभर डटे रहे। क्षेत्र के दीपू मालवीय, मोनू बाबा, रविंद्र मालवीय, अनिल गुप्ता आदि का कहना था कि काफी समय से पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। अब समाधान की उम्मीद जगी है।
अफसरों ने बताया कि ट्यूबवेल की सफाई के बाद रविवार को बोर में कैमरा डालकर देखा जाएगा कि फॉल्ट कहां है। इसके बाद उसे ठीक किया जाएगा। हालांकि, जलापूर्ति कब से शुरू हो पाएगी, इस बारे में अफसर कुछ नहीं बता पाए।
जलकल महाप्रबंधक कुमार गौरव समेत अनेक अफसर अल्लापुर के तुलसी पार्क में डटे रहे। पार्षद शिवसेवक सिंह समेत स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। यहां नया मिनी ट्यूबवेल लगाने के लिए सर्वे किया गया। ट्यूबवेल लगाने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। पार्षद ने बताया कि इस ट्यूबवेल के लगने से डंडियां, बाघम्बरी हाउसिंग स्कीम, शिवपुरी मार्ग, न्यू सोहबतियाबाग आदि मोहल्लों में पेयजल समस्या का समाधान होगा।