फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रवेश शुरू : इलाहाबाद विवि में कल से खुलेगी दाखिले की खिड़की, 12360 सीटों पर लिए जाएंगे प्रवेश

Mon, 22 Nov 2021 08:42 PM IST
विनोद सिंह संवाद न्यूज एजेंसी, प्रयागराज
विज्ञापन
prayagraj news : इलाहाबाद विश्वविद्यालय। - फोटो : prayagraj
विज्ञापन

इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में 24 नवंबर से दाखिले की खिड़की खुल जाएगी। सत्र 2021-22 में यूजी और पीजी के विभिन्न पाठ्यक्रमों में कुल 12360 सीटों पर प्रवेश लिए जाएंगे। प्रवेश ऑफलाइन मोड में होंगे। इसके लिए अभ्यर्थियों को चैथम लाइंस स्थित प्रवेश भवन में सुबह 9.30 से 12.30 तक रिपोर्ट करना होगा। काउंसलिंग और प्रवेश की प्रक्रिया दोपहर दो बजे से शुरू होगी।

विज्ञापन


इविवि प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. आईआर सिद्दीकी के अनुसार बीएससी बायो की काउंसलिंग 24 नवंबर से, बीकॉम की 25, बीएससी मैथ्स की 26, बीए की 28 और बीएससी होमसाइंस की काउंसलिंग 29 नवंबर से शुरू होगी। अभ्यर्थियों को कैश/क्रेडिट/डेबिट/क्यूआर कोड के माध्यम से फीस जमा करनी होगी। प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक ने बताया कि कुल 12360 सीटों पर दाखिले होने हैं।

इनमें बीए की 4660, बीएससी मैथ्स की 769, बीएससी बायो की 358, बीएससी होमसाइंस की 58, बीकॉम की 723, बीपीए की 113, बीएएलएलबी की 150 एवं एलएलबी की 375 सीटें हैं। इसके अलावा एमएड, एलएलएम एवं एमकॉम सहित पीजी के विभिन्न पाठ्यक्रमों की 4270 सीटें और इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज (आईपीएस) के तहत यूजी के विभिन्न पाठ्यक्रमों की 428 और पीजी के विभिन्न पाठ्यक्रमों की 353 सीटें हैं।

विज्ञापन

इस बार एक रुपये घटी फीस
इस बार स्नातक के पाठ्यक्रमों की फीस एक रुपये घट गई है। दरअसल, छात्रों से दुर्घटना बीमा के प्रीमियम के रूप में अब तक फीस के साथ 52 रुपये लिए जाते थे। अब प्रीमियम की राशि 51 रुपये कर दी गई है, जिससे फीस में एक रुपये की कमी आई है। बीए के विद्यार्थियों को अगर उन विषयों में प्रवेश लेना है, जिनमें लैब की आवश्यकता पड़ती है तो 1175 रुपये फीस देनी होगी और बिना लैब वाले विषय में प्रवेश के लिए 975 रुपये फीस लगेगी। बीएससी की फीस (लैब के साथ) 1125, बीकॉम की फीस 975, बीपीए की 2305 और बीएफए की फीस 4226 रुपये निर्धारित की गई है।

बीए में प्रवेश के लिए चार नए कॉम्बिनेशन
पिछले साल बीए में प्रवेश के लिए विभिन्न विषयों के 96 कॉम्बिनेशन थे, लेकिन इस बार 100 कॉम्बिनेशन होंगे। इस वर्ष से इविवि में समाजशास्त्र विषय में स्नातक की पढ़ाई शुरू हो गई है। समाजशास्त्र के साथ अर्थशास्त्र एवं राजनीति विज्ञान, मनोविज्ञान एवं भूगोल, दर्शनशास्त्र एवं प्राचीन इतिहास और शिक्षाशास्त्र एवं मध्यकालीन इतिहास विषय का कॉम्बिनेशन उपलब्ध है। वहीं, बीएससी मैथ्स में प्रवेश के लिए सात और बीएससी बायो में प्रवेश के लिए पांच कॉम्बिनेशन उपलब्ध होंगे।
विज्ञापन

बीपीए में सीटों से कम अभ्यर्थी
इस बार बैचलर ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट्स (बीपीए) में प्रवेश के लिए सीटों से कम संख्या में अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं। बीपीए की कुल 113 सीटों पर प्रवेश लिए जाने हैं, जबकि अभ्यर्थियों की संख्या 65 के आसपास है। ऐसे में बड़ी संख्या में बीपीए की सीटें खाली रह जाएंगी।

दिसंबर में शुरू होंगे पीजी प्रवेश
पीजी में प्रवेश दिसंबर में शुरू होंगे। इविवि प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक के अनुसार इस माह के अंत तक पीजी के सभी पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा के परिणाम जारी कर दिए जाएंगे और दिसंबर के पहले सप्ताह में सभी विभागों को रिजल्ट भेज दिए जाएंगे। इसके बाद विभाग अपने स्तर से प्रवेश की प्रक्रिया शुरू करेंगे।

प्रवेश के लिए लाने होंगे आवश्यक प्रपत्र
  • प्रवेश परीक्षा 2021 का प्रवेशपत्र एवं अंकपत्र
  • हाईस्कूल, इंटरमीडिएट के अंकपत्र एवं प्रमाणपत्र (मूल एवं छायाप्रति)
  • स्थानांतरण प्रमाणपत्र (टीसी) और प्रवेजन (माइग्रेशन) प्रमाणपत्र (मूलप्रति)
  • प्राइवेट प्रवेशार्थी द्वारा शपथपत्र
  • नवीन जाति प्रमाणपत्र की मूल एवं छायाप्रति। प्रदेश के बाहर के छात्रों का भारत सरकार द्वारा जारी प्रमाणपत्र ही मान्य होगा
  • अर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के प्रमाणपत्र की मूल एवं छायाप्रति
  • एनसीसी का ‘बी’/‘सी’ प्रमाणपत्र
  • पासपोर्ट आकार के नवीनतम रंगीन फोटो
  • आधार कार्ड की मूल एवं छायाप्रति 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें