इलाहाबाद हाईकोर्ट ने प्रदेश के 19 जिला जज व 2 अपर जिला जज स्तर के न्यायिक अधिकारियों का स्थानांतरण किया है। यह आदेश 21 नवंबर 2021 को हाईकोर्ट के महानिबंधक ने जारी किया है। इसके साथ ही पूर्व में 8 अक्तूबर 2021 को हुए न्यायिक अधिकारियों की स्थानांतरण सूची को निरस्त कर दिया गया है। अधिसूचना के मुताबिक आगरा के जिला जज नलिन कुमार श्रीवास्तव को जिला जज इलाहाबाद बनाया गया है। इसी प्रकार कानपुर में मयंक कुमार जैन, लखनऊ में राम मनोहर नारायण मिश्रा, मेरठ में रजत सिंह जैन नए जज होंगे। इलाहाबाद में एमपी/एमएलए कोर्ट के जज अब डॉ, दिनेश चंद्र शुक्ला होंगे।
इसी क्रम में जिला जज विकार अहमद अंसारी को हमीरपुर से बलिया का जिला जज, शिव शंकर प्रसाद चेयरमैन लैंड एक्विजिशन गौतमबुद्ध नगर को जिला व सत्र न्यायाधीश फर्रुखाबाद बनाया गया है। रामपाल सिंह द्वितीय को लखनऊ में कमर्शियल कोर्ट का पीठासीन अधिकारी, विवेक संगल जिला जज मथुरा को आगरा का जिला जज बनाया गया है। अनुपम गोयल पीठासीन अधिकारी मोटर एक्सीडेंट क्लेम बलरामपुर को जिला जज हमीरपुर, डॉ. अजय कुमार द्वितीय जिला जज शामली कैराना को जिला जज मुरादाबाद, चवन प्रकाश जिला जज फर्रुखाबाद को इसी पद पर मुजफ्फरनगर भेजा गया है।