इलाहाबाद विश्वविद्यालय संघटक कॉलेजों के छात्रसंघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने बड़ी जीत हासिल की है। परिषद ने विश्वविद्यालय के अलावा सीएमपी और इलाहाबाद डिग्री कालेज में पैनल से प्रत्याशी उतारा था और दोनों ही महाविद्यालयों में दो-दो सीट पर जीत हासिल की। अन्य पदों पर भी परिषद के उम्मीदवार मुख्य लड़ाई में रहे।
शुक्रवार को हुए छात्र संघ चुनाव में सीएमपी डिग्री कॉलेज में अभाविप के आशुतोष त्रिपाठी ने अध्यक्ष पद पर 566 वोट पाकर जीत हासिल की। दूसरे स्थान पर रहे मनोज यादव को 441 मत मिले। उपाध्यक्ष पद पर मो.राशिद ने 793 मत पाकर जीत हासिल की। इसी पद के लिए दूसरे स्थान पर रहे अभाविप के अंकित कुमार तिवारी को 561 वोट मिले। महामंत्री पद पर करन त्रिपाठी ने अभाविप के सुधीर सिंह को मात्र 18 मतों के अंतर से हराया। करन को 822 वोट मिले। वहीं संयुक्त मंत्री पद पर 1630 वोट पाकर बृजराज वर्मा विजयी रहे, सांस्कृतिक सचिव पद पर परिषद के आदेश मिश्रा 1233 वोट पाकर विजयी हुए। विजय मौर्य को 908 वोट मिले।
इलाहाबाद डिग्री कॉलेज में अध्यक्ष पद पर अविनाश शुक्ला ने अभाविप के विष्णु कांत मिश्रा को मात्र 34 मतों से हराया। अविनाश को 764 वोट मिले। उपाध्यक्ष पर परिषद के दिव्यांशु सिंह 885 वोट पाकर विजयी रहे। महामंत्री पद पर वरुण ध्यानी 825 मत पाकर विजयी हुए। वहीं संयुक्त सचिव पद पर अभाविप की शिवानी मिश्रा निर्विरोध निर्वाचित हुईं। सांस्कृतिक सचिव पद पर शिवम शुक्ला 757 वोट पाकर विजयी हुए। ईश्वर शरण डिग्री कालेज में राकेश यादव 943 वोट हासिल कर अध्यक्ष पद पर विजयी हुए। दूसरे स्थान पर रहे विकास मिश्र को 409 मत मिले। उपाध्यक्ष जय सिंह, महामंत्री शलभ गुंजन सिंह, संयुक्त मंत्री सौरभ उपाध्याय तथा सांस्कृतिक सचिव सचिन सिंह निर्वाचित हुए। श्यामा प्रसाद मुखर्जी में ऋतुराज सिंह अध्यक्ष, अंशुमान कुमार सिंह गाेंड उपाध्यक्ष, प्रवीण कुमार मिश्र महामंत्री, दीपक मौर्य संयुक्त मंत्री चुने गए। सांस्कृतिक सचिव पद पर अनीषा पटेल निर्विरोध निर्वाचित हुईं।