बहगुल में गिरे युवक को पुलिस ने सुरक्षित निकाल लिया।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
पुलिस ने गांववालों की मदद से निकाला, परिजन को बुलाकर सौंपा
फतेहगंज पश्चिमी। नेशनल हाईवे के बहगुल नदी के पुल की रेलिंग पर खड़ा होकर सेल्फी ले रहा बरेली के थाना प्रेमनगर के मोहल्ला बानखाना में रहने वाला अंकित सक्सेना संतुलन बिगड़ने पर नदी में गिर गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से अंकित को सुरक्षित नदी से निकालकर परिजन को सौंप दिया।
बरेली के थाना प्रेमनगर के मोहल्ला बानखाना निवासी 24 वर्षीय अंकित सक्सेना सोमवार सुबह एक दोस्त के यहां धनेटा आए थे। वहां दो किलोमीटर दूर बहगुल नदी का बढ़ा जलस्तर देखने के लिए वह पैदल ही नदी के पास पहुंच गए। शाम करीब पांच बजे अंकित पुल की रेलिंग पर खड़े होकर सेल्फी लेने लगे। इस बीच बरेली की ओर से रामपुर की ओर जा रहा टैंकर तेज रफ्तार में वहां से गुजरा। हवा के झोंके से उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नदी में गिर गए। चीखपुकार सुनकर नदी के किनारे जानवर चरा रहे गांव थानपुर के ग्रामीण पहुंच गए। उन्होंने अंकित को नदी से बाहर निकाला। अंकित ने बताया कि नदी की तेज धार में बहते हुए उसके हाथ में टीले की घास आ गई, जिससे वह रुक गया और ग्रामीणों को आवाज दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजन को बुलाकर अंकित को उनके सुपुर्द कर दिया।