इदारतगंज रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह चलती ट्रेन पर चढ़ते समय पैर फिसलने से बृजनाथ यादव गिर गया। पहियों के बीच फंसने से उसका शरीर दो टुकड़ों में कट गया। किसी तरह से चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकवाई गई। मऊ के मीरपुर गांव निवासी बृजनाथ यादव 25 वर्ष पुत्र इंद्रजीत यादव अपने जीजा राजबली यादव निवासी अररिया, गाजीपुर के साथ नौकरी को लेकर कुछ दिन पहले गुजरात के गांधीनगर गया था। एक सप्ताह रहने के बाद वहां काम नहीं मिलने पर दोनों अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस से घर लौट रहे थे।
सोमवार को लगभग नौ बजे सिग्नल न मिलने पर ट्रेन घूरपुर थाना क्षेत्र के इरादतगंज स्टेशन पर रुक गई। यहां पानी पीने के लिए वह अन्य सवारियों के साथ बृजनाथ भी नीचे उतर गया। प्लेटफार्म पर लगे हैंडपंप वह पानी पी रहा था तभी ट्रेन चल दी। वह दौड़कर ट्रेन पर चढ़ने का प्रयास कर रहा था कि पैर फिसलने पर नीचे गिर गया। पहियों की चपेट में आने से उसका शरीर दो टुकड़ों में कट गया। उसके जीजा ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकवाई। बृजनाथ दो भाइयों में छोटा है। उसके पिता मऊ में एक इंटर कॉलेज से सेवानिवृत्त कर्मचारी है। बेरोजगारी के कारण वह गुजरात गया था। जानकारी होने पर उसके परिजन प्रयागराज के लिए निकल गए थे। नैनी जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एक माह पहले ही हुई थी शादी
ट्रेन की चपेट में आने वाले बृजनाथ की शादी पिछले महीने 23 मई को मऊ की सुनीता के साथ हुई थी। शादी के बाद से सुनीता अभी ससुराल में थी। अभी उसके हाथों की मेंहदी भी नहीं छूटी और उसका सुहाग उजड़ गया।
ट्रेन से कटकर सिपाही की मौत
उतरांव थाना क्षेत्र के बिझवनिया रेलवे ट्रैक पर सोमवार की भोर में एक सिपाही की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। सूचना पर उतरांव पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बझवनिया गांव निवासी राजमणि भारतीया का बेटा अमर सिंह (25) पुलिस विभाग में सिपाही के पद पर था। ट्रेनिंग के बाद वाराणसी से तीन दिन पहले छुट्टी लेकर घर आया हुआ था। सोमवार की सुबह वह शौच के लिए निकला था। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने देखा कि ट्रेन से कटकर उसकी मौत हो गई थी। परिजनों को सूचना दी तो परिजन भी मौके पर पहुंच गए। अमर सिंह पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर था। इंस्पेक्टर उतरांव ने बताया कि घर वालों ने दुर्घटना की तहरीर दी है। बेटे की मौत से माता विमला देवी सहित परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था।