ममफोर्डगंज स्थित घर से मंगलवार शाम गंगा में मछलियां पकड़ने निकले आठवीं के छात्र सौरभ की फाफामऊ पुल के पास डूबने से मौत हो गई। परिजन रात भर उसकी तलाश में भटकते रहे। बुधवार को उसकी लाश मिली। इससे परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पाकर पुलिस भी पहुंच गई।
न्यू मम्फोर्डगंज में रहने वाले लालजी भारती मोटर मैकेनिक हैं। उनका बेटा सौरभ (16) भारत स्काउट गाइड स्कूल में आठवीं कक्षा का छात्र था। मंगलवार शाम सौरभ घर से यह कहकर निकला कि वह फाफामऊ पुल के पास गंगा में मछलियां पकड़ने जा रहा है।
वह रात तक घर नहीं लौटा तो परिवार के लोग उसकी तलाश में निकले। मगर उसका कहीं भी कुछ पता नहीं चल सका। बुधवार सुबह फिर खोजबीन शुरू की गई। इसी बीच पुल के पास गंगा में सौरभ का शव उतराता दिखा तो वहां भीड़ लग गई। शव देख परिवार के लोग रोने-कलपने लगे। मां शीला देवी तो बेहोश हो गई।