पावर कॉरपोरेशन ने बृहस्पतिवार को बकाया वसूली, बिजली चोरी के खिलाफ जिले भर में अभियान चलाया। जांच के दौरान 22 घरों के बिजली मीटरों में 90 हजार यूनिट बिजली स्टोर मिली। बिजली चोरी में पकड़े गए 93 उपभोक्ताएं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। मुख्य अभियंता विनोद गंगवार के निर्देश पर शहर के कल्याणी देवी, रामबाग, करैलाबाग, म्योहाल, टैगोर टाउन, नैनी, बम्हरौली डिवीजन के साथ गंगापार तथा यमुनापार में जांच अभियान चलाया गया।
सभी एसडीओ टीम के साथ घर-घर बिजली चोरी, मीटर, लोड की जांच करने पहुंचे। मुख्य अभियंता के मुताबिक जांच अभियान में 22 घरों में लगे बिजली मीटरों में 90 हजार यूनिट बिजली स्टोर पाई गई। विद्युत मूल्य के साथ शमन शुल्क की गणना कराकर वसूली की जाएगी। वहीं जांच के दौरान 835 बकाएदारों के कनेक्शन काटे गए। उपभोक्ताओं को चेतावनी दी गई है कि यदि बिना भुगतान कनेक्शन जोड़ा तो बिजली चोरी की धारा में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
शहरी इलाकों में जांच के दौरान हड़कंप की स्थिति रही। टीम देखकर लोग घरों में ताला लगाकर हट गए। बिजली चोरी के 93 मामले पकड़े गए। 234 लोगों का विद्युत भार (लोड) बढ़ाया गया। 310 घरों के मीटर बदले गए। जांच के दौरान 37 लोगों को नए कनेक्शन भी दिए गए। मौके पर ही लोगों से औपचारिकताएं पूरी कराई गईं।