भाजपा के शासन में 80 करोड़ लोग आ गए गरीबी रेखा के नीचे
0 सपा अल्पसंख्यक के सम्मेलन में गरजे राज्यसभा सांसद रेवती रमण सिंह
प्रयागराज। समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा के सम्मेलन में सपा सांसद रेवती रमण सिंह ने शुक्रवार को कहा कि पांच किलो राशन के नाम पर भाजपा अपना प्रचार कर रही है। जबकि भाजपा के शासन में बीते सात वर्ष में 80 करोड़ लोग गरीबी रेखा के नीचे आ गए हैं। रेवती रमण ने कहा कि भाजपा सरकार ने एक झटके में नोट बन्दी का ऐलान कर जहां गरीबों के नोट को कागज का टुकड़ा बना दिया तो वहीं पूंजीपतियों की नोट रात के अंधरे में बैंक के माध्यम से बदलने की सहूलियत दे दी।
राज्य सभा सासंद ने मेजा के भारतगंज में आयोजित सम्मेलन में सपा सरकार बनने पर 300 यूनिट बिजली मुफ्त के साथ साल भर मुफ्त राशन देने के अखिलेश यादव की घोषणा का स्वागत करते हुए कहा की पार्टी जो कहती है वह करती भी है। उन्होंने अखिलेश यादव की विजय रथ यात्रा में उमड़ रहे जनसैलाब का भी जिक्र किया। कहा कि भीड़ को देखकर भाजपा के होश फाख्ता हो रहे हैं। यही वजह है कि कोरोना का हवाला देकर वर्चुअल बैठक और सभा कराने का भाजपा चुनाव आयोग से सहारा ले रही है। कार्यक्रम में अल्पसंख्यक सभा के जिला अध्यक्ष मो. इसराइल, महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तेखार हुसैन, नरेन्द्र सिंह ,लल्लन सिंह ,सबीहा मोहानी ,मोइन हबीबी ,किताब अली ,माशूक अहमद आदि मौजूद रहे।