कोविड से मृत 1087 लोगों के परिजनों को मिलेंगे 50 हजार रुपये
0 संगम सभागार में बने कंट्रोल रूम में करना होगा आवेदन, पात्रों के चयन के लिए कमेटी गठित
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। कोविड-19 संक्रमण की वजह से जान गंवाने वाले जिले के 1087 लोगों के परिजनों को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। इसके लिए कलक्ट्रेट परिसर में कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां पात्रों को आवेदन करना होगा। वहीं से फार्म भी मिलेंगे।
एडीएम वित्त एवं राजस्व जगदंबा सिंह ने बताया कि कोविड संक्रमण की वजह से 18 अक्तूबर तक प्रदेश में 22,898 लोग जान गंवा चुके हैं। वहीं प्रयागराज में मृतकों की संख्या 1087 है। अनुग्रह राशि देने के लिए बजट जारी हो चुका है। उन्होंने बताया कि इनके अतिरिक्त पंचायत चुनाव ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले कर्मचारियों के परिजनों को 30 लाख तथा कोविड-19 की रोकथाम में लगे कार्मिकों के निधन पर आश्रितों को 50 लाख रुपये दिए जा चुके हैं। इसलिए इन्हें 50 हजार रुपये की सहायता राशि नहीं मिलेगी। एडीएम ने बताया कि अनुग्रह राशि के लिए पात्र परिवार संगम सभागार के ऊपर बने कंट्रोल रूम में आवेदन कर सकते हैं। सहायक चकबंदी अधिकारी विनय सिंह एवं देवकांत पांडेय को कंट्रोल रूम का पर्यवेक्षणीय अधिकारी नामित किया गया है। इनके मोबाइल नंबर क्रमश: 7905609585 एवं 7905650032 हैं। पात्रों के चयन के लिए एडीएम वित्त एवं राजस्व, सीएमओ, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं विशेषज्ञ की कमेटी भी बनाई गई है।