कोरोना वायरस का नया रूप सामने आने के बाद स्वास्थ्य महकमा हाई अलर्ट पर है। जिले में ब्रिटेन से आए 29 लोगों की अब जीनोम सीक्वेंसिंग कराई जाएगी। इसके लिए सभी के नमूने जांच के लिए पूणे स्थित लैब को भेजे गए हैं। जबकि सभी की कोविड रिपोर्ट निगेटिव आई है।
नोडल अधिकारी कोरोना डॉ ऋषि सहाय ने बताया कि शासन से प्राप्त सूची के मुताबिक टीमों को जांच के लिए लगाया गया था। तीन दिन में उन 17 लोगों को छोड़कर अन्य की कोविड जांच कराई गई। सभी की एंटीजन और आरटीपीसीआर जांच की रिपोर्ट निगेटिव रही।
डॉ सहाय के मुताबिक वायरस के स्ट्रेन की जांच के लिए पूणे स्थित लैब को यहां से 29 नमूने भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट मुख्यालय को जाएगी। किसी में स्ट्रेन का पता चलता है तो यहां कार्रवाई की जाएगी। जिन लोगों की सैंपलिंग कराई गई है, उनके स्वास्थ्य की निगरानी की जा रही है।
17 लोगों नहीं मिले, जहां हैं वहां के सीएमओ को भेजी रिपोर्ट
ब्रिटेन और विदेश से आए लोगों की सूची में शामिल 17 लोग यहां के पते पर नहीं मिले। पूछताछ में वह जहां हैं, वहां का पता हासिल किया गया। संबंधित प्रदेश सरकार और जिलों के सीएमओ को उनके बारे और यात्रा विवरण की जानकारी देकर कोविड जांच कराने का अनुरोध किया गया है।