जंक्शन की तर्ज पर संवरेगी बस स्टेशनों की दीवारें
0 सिविल लाइंस और जीरोरोड बस स्टेशन पर दिखेगी अब धार्मिक छंटा
0 बस स्टेशन पर उतरते ही हो जाएगा कुंभ नगरी में आने का एहसास
इलाहाबाद। इलाहाबाद जंक्शन की तर्ज पर यूपी रोडवेज के सिविल लाइंस और जीरोरोड बस स्टेशन पर भी धार्मिक छंटा देखने को मिलेगी। कुंभ के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को देखते हुए रोडवेज प्रशासन ने अपने इन दोनों महत्वपूर्ण बस स्टेशनों की सुंदरता बढ़ाने के लिए कलात्मक पेंटिंग किए जाने की तैयारी की है। रोडवेज की ओर से यहां इलाहाबाद की पौराणिक पृष्ठभूमि के सजीव चित्रण को दीवारों पर उकेरा जाएगा। इसके लिए स्थानीय कलाकारों से भी संपर्क किया जा रहा है।
पिछले दिनों इलाहाबाद आए परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने सिविल लाइंस बस स्टेशन के निरीक्षण के दौरान यहां दीवारों पर गंदगी देख अफसरों से कहा था कि वहां कलात्मक पेंटिंग करवाई जाए। ताकि बस स्टेशन की दीवारें सुंदर दिखे। परिवहन मंत्री के जाने के बाद विभाग ने अब यहां धार्मिक छंटा वाली पेंटिंग बनवाने की तैयारी की है। ताकि बस स्टेशन पर बसों से उतरते ही यह एहसास हो जाए कि वह विश्व के सबसे बड़े धार्मिक आयोजन में शिरकत करने आए हैं। सिविल लाइंस बस स्टेशन की दीवारों पर जगह-जगह कुंभ के कलश बनवाने के साथ ही गंगा-यमुना-सरस्वती के संगम की तस्वीरें बनाई जाएगी। यहां नवाब यूसुफ रोड की साइड बड़ी दीवार है। इसके अलावा टूरिस्ट बंगला और मुख्य इमारत में भी धार्मिक छंटा वाली पेंटिंग रोडवेज की ओर से बनवाई जाएगी। इस बारे में रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक डा. हरिशचंद्र यादव का कहना है कि परिवहन मंत्री ने पिछले दिनों पेंटिंग बनवाने निर्देश दिया था। कहा कि बारिश बाद यहां पेंटिंग बनवाए जाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।