फूलपुर विधानसभा ने तय कर दी सपा की जीत
- भारी पड़ा स्थानीयता का मुद़्दा
- सपा के नागेंद्र भाजपा उम्मीदवार से 39110 मतों के अंतर से रहे आगे
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। समाजवादी पार्टी के नागेंद्र सिंह पटेल ने फूलपुर विधानसभा क्षेत्र में ही भाजपा के कौशलेंद्र पटेल से निर्णायक बढ़त हासिल कर ली। वहां बसपा के समर्थन के साथ स्थानीयता का मुद्दा सफल रहा तो यादव-मुस्लिम फैक्टर भी काम कर गया और सपा ने भाजपा को 39110 मतों से पीछे छोड़ दिया। जबकि, हार-जीत का कुल अंतर 59460 रहा।
मतदान प्रतिशत के मामले में फूलपुर विधानसभा दूसरे स्थान पर रहा और वहां कुल 179100 वोट पड़े थे। इनमें से 99960 वोट सपा के नागेंद्र सिंह पटेल को मिले हैं। यानी, मोदी के नाम पर हुए पिछले दो चुनावाें के तिलस्म को तोड़ते हुए नागेंद्र इस विधानसभा में कुल पड़े मतों का 55.81 फीसदी मत हासिल करने में सफल रहे। गौर करने वाली बात यह है कि पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा के केशव प्रसाद मौर्य ने इस क्षेत्र से 103681 वोट हासिल किए थे। वहीं सपा के धर्मराज सिंह पटेल को 54026 मत मिले थे लेकिन इस बार बसपा के समर्थन ने बाजी पलट दी। इस विधानसभा में कुल 387988 मतदाता हैं। यह मुस्लिम और यादव बहुल क्षेत्र है तथा इनकी संख्या तकरीबन दो लाख है। इनके अलावा 75 हजार से अधिक पटेल मतदाता हैं। नागेंद्र इसी विधानसभा के कुंआडीह गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने विधानसभा चुनाव में भी टिकट मांगा था और क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहे। इसके विपरीत भाजपा ने वाराणसी के कौशलेंद्र को उतारा। ऐसे में स्थानीयता का मुद्दा हावी तथा पटेलों का झुकाव नागेंद्र सिंह पटेल के पक्ष में रहा। वहां से भाजपा के प्रवीण पटेल विधायक हैं लेकिन वह भी पटेलों को जोड़ने में सफल नहीं हुए। इसके अलावा अतीक की फूलपुर के मुस्लिमों में अच्छी पकड़ मानी जाती थी। इसी वजह से शहर पश्चिमी के अलावा फूलपुर में अतीक को मजबूत माना जा रहा था लेकिन वह फैक्टर भी काम नहीं किया तथा अतीक को मात्र 5442 वोट मिले।
000
2018 में मिले वोट
पार्टी उम्मीदवार मिले वोट
भाजपा कौशलेंद्र पटेल 60850
सपा नागेंद्र पटेल 99960
कांग्रेस मनीष मिश्र 5483
निर्दल अतीक अहमर 5442
000
2014 में मिले वोट
भाजपा केशव प्रसाद मौर्य 103681
सपा धर्मराज सिह पटेल 54026
कांग्रेस मो.कैफ 6307
बसपा कपिल मुनि 38184