लोकसभा चुनाव में किसी भी तरह के बवाल को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक रणनीति बनाई है। जिले के अतिसंवेदनशील 130 बूथ ऐसे हैं जिनकी वेबकास्टिंग होगी। जिले में ही नहीं, बल्कि लखनऊ में बैठे अफसर भी इन बूथों पर नजर रखेंगे। जिले के 145 बूथ ऐसे हैं जहां माइक्रो आब्जर्वर पल-पल पर नजर रखेंगे तो 209 बूथों की दिन भर वीडियोग्राफी होगी।
जिले में छह मई और बारह मई को मतदान शांतिपूर्ण कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना प्रारंभ कर दिया है। अतिसंवेदनशील और संवेदनशील बूथों पर नजर रखने के लिए माइक्रोआब्जर्वर, वीडियोग्राफी और वेबकास्टिंग कराने का फैसला लिया है। 130 अतिसंवेदनशील बूथों पर नजर रखने के लिए वेबकास्टिंग कराने का फैसला लिया है। इसमें सबसे अधिक रानीगंज विधानसभा के 49 बूथ, पट्टी के 17 और प्रतापगढ़ और कुंडा के 16-16 बूथ शामिल हैं। इन बूथों की डीएम कैंप कार्यालय में बने कंट्रोलरूम और लखनऊ में बैठे अफसर आनलाइन मानीटरिंग करते रहेंगे।
जिले के 145 बूथ ऐसे हैं, जहां माइक्रो आब्जर्वर बूथ पर मौजूद रहकर पल-पल की खबर रखेंगे। इसमें सबसे अधिक 40 बूथ पट्टी विधानसभा, 30 कुंडा और 27 बाबागंज में हैं। जिले के 209 बूथ ऐसे हैं जहां वीडियोग्राफी कराने का फैसला लिया गया है। इसमें प्रतापगढ़ के 44, कुंडा के 39 और पट्टी विधानसभा के 35 बूथ शामिल हैं। अगर इन केंद्रों पर कोई बवाल होता है तो बवालियों को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा। साथ ही साक्ष्य के रूप में अभिलेख भी मौजूद रहेंगे।
जिले के 117 बूथों पर स्टैटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की जाएगी। इसमें सबसे अधिक बाबागंज विधानसभा के 32 बूथ और कुंडा के 28 बूथ शामिल हैं। रानीगंज के 22 और प्रतापगढ़ के 18 बूथों पर स्टैटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। यह लोग पूरे चुनाव के दौरान मौजूद रहकर मतदान प्रक्रिया की गतिविधियों की रिपोर्ट देंगे।
जिले के अतिसंवेदनशील और संवेदनशील बूथों पर कोई अनहोनी रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस से भी बवाल करने वाले संदिग्धों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कहा गया है। चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष कराने के लिए दिन-रात मेहनत की जा रही है।
शत्रोहन वैश्य, एडीएम।
नगर कोतवाली में सोमवार को जिलाधिकारी ने मतदाता जागरूकता चौपाल लगाई। इस दौरान उन्होंने लोगों को निष्पक्ष व भयमुक्त वातावरण में चुनाव कराए जाने का भरोसा दिलाया। चौपाल का संबोधित करते हुए जिलाधिकारी मार्कण्डेय शाही ने कहा कि जिला प्रशासन भयमुक्त चुनाव को लेकर पूरी तरह से कटिबद्ध है। उन्होंने कहा कि अराजकतत्वों ने किसी भी प्रकार से चुनाव को प्रभावित करने व शांतिभंग करने का प्रयास किया तो उनकी जगह जेल में होगी। डीएम ने कहा कि आदर्श आचार संहिता का उलंघन कहीं भी पाया गया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने प्रबुद्ध वर्ग, जनप्रतिनिधि, अधिवक्ताओं, व्यापारियों समेत स्वयंसेवी संस्थाओं से मतदान प्रतिशत बढ़ाने जाने को लेकर प्रभावी भूमिका निभाने की अपील की। डीएम ने कहा कि घरों से निकलिए और वोटिंग का नया रिकार्ड बनाइए।
अपर पुलिस अधीक्षक शिवाजी शुक्ल ने कहा कि पुलिस निर्दोष लोगों को बिल्कुल भी परेशान नहीं करेगी। जिला प्रशासन की ओर से मतदाता जागरूकता अभियान की ब्रांड अंबेसडर बनाई गईं शिवानी मातनहेलिया ने भी लोकतंत्र की मजबूती के लिए लोगों से शत प्रतिशत मतदान करने की अपील की। बैठक का संयोजन एसडीएम मोहनलाल गुप्ता व आभार प्रदर्शन सीओ रमेशचंद्र ने किया। संचालन संयुक्त अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष विकास मिश्र ने किया। इसके बाद एसडीएम मोहनलाल गुप्ता के संयोजन मेें जिलाधिकारी मार्कण्डेय शाही व एसपी एस आनंद की अगुवाई में मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई।