भाई की पिटाई कर बाइक सवार बदमाश एमडीपीजी की छात्रा का अपहरण कर भाग निकले। सूचना पर पुलिस ने नाकेबंदी कर भुपियामऊ के पास उन्हें दबोच लिया। नगर कोतवाली के बेगमवार्ड की एक युवती एमडीपीजी में बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा है। अपने भाई के साथ सोमवार को एमडीपीजी कालेज आई थी।
कालेज से निकलने के बाद वह भाई के साथ सड़क पर आ रही थी। तभी एक बाइक पर सवार दो लोगों ने उसे जबरन बाइक पर बैठा लिया। विरोध करने पर छात्रा के भाई की पिटाई कर दी और भाग निकले। छात्रा के भाई ने फोन पर पुलिस को घटना की जानकारी दी। बीएससी की छात्रा के अपहरण की खबर मिलने पर पुलिस परेशान हो गई। एसपी एस आनंद भागकर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बाइक सवारों का पीछा कर लिया। भुपियामऊ के पूरे बाछिल गांव के पास छात्रा को लेकर भाग रहे एक युवक को पुलिस ने दबोच लिया। जबकि उसका साथी भाग निकला।
मौके पर जुटे लोगों ने युवक की जमकर धुनाई कर दी। पुलिस किसी तरह युवक को लेकर कोतवाली आई। पकड़ा गया युवक पूर्वी सहोदरपुर का बताया जा रहा है। खबर लिखे जाने तक इस मामले में किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं हुई थी। कोतवाल ने बताया कि मामला प्रेम प्रपंच से जुड़ा है। छात्रा खुद से युवक के साथ भाग रही थी। अपहरण जैसी कोई बात नहीं है।