राष्ट्रपति के साथ राज्यपाल रामनाईक, केशरीनाथ भी होंगे शामिल
0 कल एएमए के सम्मेलन भवन का करेंगे लोकार्पण, डाक कवर भी होगा जारी
0 शहर में छह घंटे रहेंगे कोविंद, एक से पांच बजे का समय लोगोें से मिलने के लिए आरक्षित
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शुक्रवार को छह घंटे से अधिक समय तक इलाहाबाद में रहेंगे। उनके साथ उनकी पत्नी और बेटे भी आएंगे। इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन का कार्यक्रम मात्र एक घंटे का है। इसके अलावा राष्ट्रपति का एक से पांच बजे तक का समय प्रमुख लोगों से मिलने के लिए निर्धारित है। ऐसे में उनके संगम दर्शन की भी चर्चा है। हालांकि, राष्ट्रपति भवन से स्वीकृत कार्यक्रम के अनुसार सर्किट हाउस से वह सीधे आयोजन स्थल के लिए रवाना होंगे। उनके स्वागत के लिए प्रदेश के राज्यपाल रामनाईक और पश्चिम बंगाल के गवर्नर केशरीनाथ त्रिपाठी तथा मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के तौर पर डॉ. सिद्धार्थनाथ सिंह मौजूद रहेंगे। राज्यपाल राम नाईक कानपुर से राष्ट्रपति के साथ ही आएंगे।
राष्ट्रपति का मिनट टू मिनट कार्यक्रम आ गया है। वह कानपुर से चार्टेड प्लेन से करीब एक बजे बमरौली एयरपोर्ट आएंगे। वहां से सर्किट हाउस आएंगे। सर्किट हाउस में उनका लंच तथा प्रमुख लोगों से मिलने का कार्यक्रम है। इलाहाबाह मेडिकल एसोसिएशन के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वह करीब पांच बजे रवाना होंगे। राष्ट्रपति एसोसिएशन के आधुनिक सुविधा से युक्त सम्मेलन एवं पुनर्वास केंद्र का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा एसोसिएशन पर डाक कवर भी जारी करेंगे। वहां से सीधे बमरौली के लिए रवाना होंगे। वहां से प्लेन से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। आयोजन में शामिल होने के लिए पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी शुक्रवार की भोर में ही इलाहाबाद पहुंच जाएंगे। मंच पर राष्ट्रपति के साथ राज्यपाल रामनाईक और केशरीनाथ त्रिपाठी, कैबिनेट मंत्री डॉ.सिद्धार्थनाथ सिंह, एसोसिएशन के अध्यक्ष और मंत्री मौजूद रहेंगे।
राष्ट्रपति के स्वागत तथा सुरक्षा के मद्देनजर दिन भर तैयारी चलती रही। डीएम, एसएसपी समेत अन्य अफसरों ने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया और प्रोटोकाल के तहत जरूरी निर्देश दिए। अफसरों की ड्यूटी भी तय कर दी गई है।