स्वराज विकलांग सेवा समिति की ओर से विकलांगजन स्वाभिमान सम्मान एवं विवाह समारोह शनिवार को राजर्षि टंडन सेवा केंद्र में हुआ। 11 दिव्यांग जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। दिव्यांगों को रोजगार करने के लिए सामान दिया गया।
बैंडबाजा के साथ बैंक रोड से सुभाष राठी, रिनी सिंह ने वधुओं का बग्घी पर बैठाकर वहीं वर पक्ष की ओर से ओम प्रकाश शुक्ल, अजीत विक्रम सिंह, शिवसेवक सिंह, मनोज पांडेय, कुलदीप यादव आदि की अगुवाई में सैकड़ों लोग नाचते गाते राजर्षि टंडन सेवा केंद्र पहुंचे। बारातियों का स्वागत समिति के अध्यक्ष प्यारे लाल यादव, रविशंक मिश्र, यमुनोत्री गुप्ता, सुशील पोद्दार, रीता अजमानी, डा. विनय कुमार यादव आदि ने किया। पुरोहित छोटे महराज के निर्देशन में वेदपाठी ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विवाह कराया। बतौर मुख्य अतिथि पूर्व राज्यपाल अंशुमान सिंह उपस्थित रहे। अध्यक्षता लोक सेवक मंडल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजकुमार चोपड़ा ने की।
विधायक अनुग्रह नारायण सिंह ने दिव्यांगों के लिए कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मानित किया। सम्मान पाने वालों में अस्थि रोग विशेषज्ञ डा. यूबी यादव, प्रोफेसर अवनीश चंद्र मिश्र, डा. शकुंतला मिश्रा, नागपुर के जय सिंह कृष्णराव चव्हाण, दिल्ली के गुरमीत सिंह, लखनऊ के डा. राकेश जैन , जम्मू कश्मीर के जावेद अहमद, गाजियाबाद के विकास शर्मा, इलाहाबाद के पुनीत कुमार मिश्र आदि रहे। फतेहपुर के पीयूष कुमार द्विवेदी को विशेष सम्मान से सम्मानित किया गया।