यात्री सुविधा के मद्देनजर बम्हरौली एयरपोर्ट का टर्मिनल इसी वर्ष तैयार हो जाएगा। इसका निर्माण होने के बाद एयरपोर्ट में प्लेन का इंतजार करने वाले यात्रियों को खासी सहूलियत होगी। क्योंकि यहां प्रस्तावित टर्मिनल में काफी यात्रियों के एक साथ बैठने की व्यवस्था रहेगी। शुक्रवार को एयरपोर्ट एथॉरिटी सलाहकार समिति की बैठक में यह बात कही गई। इस दौरान बैठक में बम्हरौली एयरपोर्ट के डेवलपमेंट पर भी चर्चा हुई।
सांसद केशव प्रसाद मौर्य समेत अन्य सदस्यों की मौजूदगी में आयोजित इस बैठक में तमाम मसलों पर चर्चा हुई। कहा गया कि एयरपोर्ट के विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण का मुआवजा राज्य सरकार जल्द से जल्द दें। इसके अलावा एयरपोर्ट से कनेक्टिविटी के लिए सिटी बस चलाने की मांग भी जोर शोर से की गई। इस दौरान सांसद ने दिल्ली-इलाहाबाद-कोलकाता एवं इलाहाबाद-जम्मू के लिए सीधी फ्लाइट चलाने का प्रस्ताव दिया।
सांसद ने जीटीरोड पर भारी ट्रैफिक को देखते हुए महिला ग्राम, सूबेदारगंज होकर बम्हरौली के लिए सीधी रोड बनाई जाए। ताकि लोगों को वहां पहुंचने में दिक्कत न हो। इसके अलावा निरस्त चल रही मुंबई की फ्लाइट शुरू करने की मांग भी की गई। बैठक में एयरपोर्ट एथॉरिटी के डायरेक्टर आरएस मिश्र, आशीष गुप्ता, पवन श्रीवास्तव, कुंज बिहारी आदि सदस्य मौजूद रहे।