जिले में मंगलवार को आठवां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा। शहर में प्रमुख कार्यक्रम रामघाट रोड स्थित अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम में होगा। यहां सांसद, विधायक एवं तमाम जनप्रतिनिधियों और अफसरों समेत करीब पांच हजार लोग हिस्सा लेंगे। वहीं, तहसील, नगर पंचायत, ब्लॉक मुख्यालयों एवं कस्बों में योग दिवस पर कार्यक्रम होंगे। डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने सोमवार को स्टेडियम पहुंचकर व्यवस्थाओं को परखा और अधीनस्थों को दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने दावा कि जिले भर से 11 लाख से अधिक लोग योग कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
जिलाधिकारी ने लोगों का आह्वान किया है कि वह योग दिवस पर कार्यक्रमों में शामिल हों और योग को जीवन का हिस्सा बनाएं। यदि वे सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल न हो सकें तो परिजनों के साथ घर पर ही योग करें और इसे अपने नियमित जीवन में शामिल करें। उन्होंने बताया कि देश के 75 जनपदों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित करेंगे। इसमें अलीगढ़ जनपद भी शामिल है। उन्होंने निर्देश दिए कि 21 जून को संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी स्वयं उपस्थित रहकर योग करेंगे। उन्होंने योग कार्यक्रम में भाग लेने वालों से अपील की है कि आयुष कवच एप मोबाइल पर डाउनलोड कर योग से जुड़े वीडियो व फोटो अपलोड करें। सीडीओ अंकित खंडेलवाल ने बताया कि योग दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मैसूर से सुबह 6:40 बजे कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इसका जिले भर में एलईडी के जरिए सीधा प्रसारण किया जाएगा। स्टेडियम आने वाले वाहनों की पार्किंग क्वार्सी कृषि फार्म हाउस में होगी।
यहां भी होंगे आयोजन
- जिला जज डॉ. बब्बू सांरग की अध्यक्षता में सुबह 5:30 बजे से दीवानी न्यायालय परिसर में योग कार्यक्रम होगा। इसमें न्यायिक अधिकारी, बार एसोसिएशन के पदाधिकारी प्रतिभाग करेंगे।
- जिला कारागार में प्रात: 06:30 बजे जेल अधिकारियों की उपस्थिति में योग दिवस का आयोजन होगा। यहां बंदी, जेल विजिटर, अधिवक्ता एवं पराविधिक स्वयंसेवक योगाभ्यास करेंगे।
- पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में सुबह 06:30 बजे योगाभ्यास होगा।
- सभी तहसील, नगर पंचायत, ब्लॉक, महाविद्यालय, इंटर कॉलेज एवं सार्वजनिक स्थानों पर योग होगा।
कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी का कार्यक्रम निरस्त
प्रदेश के पंचायती राज विभाग के कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी का कार्यक्रम निरस्त हो गया है। उन्हें स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होना था। सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप वर्मा के अनुसार सोमवार देर शाम कार्यक्रम निरस्त हो गया है।