कलक्ट्रेट में श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक करतीं डीएम सेल्वा कुमारी।
- फोटो : CITY OFFICE
डीएम सेल्वा कुमारी जे. ने कहा कि श्रमिकों को सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ मिलना चाहिए। डीएम सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में श्रम विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक में बोल रही थीं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार श्रमिकों के कल्याण को तमाम योजनाएं चला रही हैं। किसी अप्रिय घटना पर आर्थिक मदद के साथ ही श्रमिकों के बच्चों की पढ़ाई, स्कूल आने-जाने के लिए साइकिल, बेटियों की शादी के लिए अनुदान दिया जा रहा है। पंजीकृत श्रमिकों के लिए श्रम विभाग की योजनाएं उनके हर कदम पर सुख-दु:ख की साथी बन रही हैं। उन्होंने विभागीय अफसरों को निर्देश दिए कि वे व्यक्तिगत रुचि लेकर प्रत्येक पात्र लाभार्थी को योजनाओं का लाभ दिलाएं। असंगठित क्षेत्र के अधिक से अधिक श्रमिकों को ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकृत किया जाए।
डीएम ने श्रमिकों से कहा है कि सरकारी योजनाओं का लाभ पाने के लिए पंजीयन अवश्य कराएं। डीएम ने कहा कि बंधुआ श्रमिकों के प्रकरणों में संबंधित श्रमिकों को प्रतिष्ठान से अवमुक्त कराने के साथ ही संबंधित एसडीएम स्तर से अवमुक्त प्रमाण-पत्र निर्गत कराया जाए। इस मौके पर सीडीओ अंकित खंडेलवाल, उप श्रम आयुक्त सियाराम, सहायक श्रमायुक्त बीएम शर्मा, श्रम प्रवर्तन अधिकारी मनोज कुमार, जितेंद्र सिंह, विजय कुमार सोनकर आदि मौजूद रहे।