जयगंज इलाके के किराना कारोबारी व उनकी पत्नी, कासगंज निवासी साढ़ू व उनकी पत्नी की नेपाल में हुई मौत की खबर पर दोनों के परिवार नेपाल पहुंच गए। सोमवार को देर शाम तक शवों के पोस्टमार्टम नहीं हो सके थे। शवों को भारत लाने पर भी मंथन चल रहा था।
सासनी गेट जयगंज के किराना कारोबारी राकेश अग्रवाल, उनकी पत्नी साधना, कासगंज अमापुर निवासी साढ़ू विमल अग्रवाल व उनकी पत्नी संध्या अग्रवाल 20 अप्रैल को नेपाल गए थे। वहां से सोमवार को उनकी वापसी थी। इससे पहले रविवार को काठमांडू के पास हुई दुर्घटना में उनकी टैक्सी बस से भिड़ गई।
इस दौरान मौके पर दोनों महिलाओं की मौत हो गई थी। इसी संबंध में नेपाल स्थित भारतीय दूतावास से जिला प्रशासन को खबर आई थी, जिसमें दोनों महिलाओं की मौत व पुरुषों की हालत गंभीर होना बताया गया था। इस खबर पर नेपाल पहुंचे राकेश अग्रवाल के बेटे रिषभ ने बताया कि दुर्घटना में जख्मी राकेश व विमल अग्रवाल की भी मौत हो गई। चालक भी मारा गया। कपड़ों से शवों की पहचान हो सकी थी। देर रात तक पोस्टमार्टम कराए जाने की तैयारी चल रही थी। पोस्टमार्टम के बाद तय होगा कि शवों को भारत लाया जाए या नहीं।