थाना सिविल लाइन क्षेत्र में पति से अलग रह रही महिला की अवैध संबंधों के चलते चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम पति के रिश्तेदार ने दिया है। पति की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है।
क्षेत्राधिकारी तृतीय श्वेताभ पांडे ने बताया कि सिविल लाइन क्षेत्र के जमालपुर में 32 वर्षीय महिला अपने दो बेटों के साथ किराये के मकान में रहती थी। वह पति से अलग रह रही थी। महिला को मकान उसके पति के रिश्तेदार अनवार ने दिलवाया था। एक वर्ष पहले महिला के संबंध अनवार से हो गए थे। इसके बाद रिक्शा चालक पति उसको छोड़ कर मुंबई चला गया था।
पुलिस की पूछताछ में ऊपरकोट निवासी हत्यारोपी अनवार ने बताया कि वह महिला को घर के खर्च के लिए 10 हजार रुपये देता था। अनवार किसी मूर्ति के कारखाने में काम करता है। कुछ दिनों पहले उसकी जानकारी में आया कि महिला के कुछ अन्य लोगों से भी संबंध हो गए हैं।
रविवार की रात वह महिला के मकान में गया और कहा कि जब वह उसके परिवार का खर्च उठा रहा है, तब वह ऐसा क्यों कर रही है। इसी बात पर महिला झगड़ा करने लगी। मामला तूल पकड़ने पर अनवार ने महिला पर चाकू से हमला कर दिया। महिला का सात वर्षीय बेटा उसको बचाने आया तो वह भी घायल हो गया। बीचबचाव में अनवार भी हाथ में चाकू लगने से घायल हो गया। चीख-पुकार पर पड़ोस के लोग आ गए। उस समय अनवार मौके से भाग गया। घायल महिला को जेएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, वहां पर उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। महिला का पति कुछ दिनों पहले सड़क हादसे में घायल होने के बाद अलीगढ़ आ गया था। उसने पत्नी की हत्या के संबंध में नामजद तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर सोमवार को अनवार को गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। घटना में महिला का बेटा भी जख्मी हुआ है और हमला करते वक्त आरोपी भी जख्मी हुआ है।
महिला पर 15 बार किए चाकू से वार
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, महिला के शरीर पर चाकू से 15 बार हमला किया गया। चाकू लगने से पेट, हृदय, फेफड़े बुरी तरह जख्मी हो गए। इसी के चलते महिला की मौत हुई है। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया है।