थाना क्षेत्र के गांव खुलावली निवासी एक युवक की बुलंदशहर के ठंडी प्याऊ चौकी के निकट सड़क हादसे में मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
गांव निवासी 25 वर्षीय संजय कुमार पुत्र डम्बर सिंह पिलखुआ हापुड़ के निकट स्थित एक दूध की डेयरी में काम करता था। वहीं पर किराये के कमरे में रहता था। पत्नी के गर्भवती होने के चलते संजय कुछ दिनों से रोजाना घर से ही डेयरी पर काम करने जाता था। बुधवार सुबह डेयरी पर जाते समय बुलंदशहर के हाइवे पर स्थित ठंडी प्याऊ चौकी के निकट एक वाहन से टक्कर हो गई। हादसे में संजय की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। बृहस्पतिवार दोपहर शव गांव पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया।