वीडियो सामने आने पर तत्काल क्षेत्राधिकारी बरला से आख्या प्राप्त की गई। जिसके क्रम में तत्काल प्रभाव से पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया। वीडियो कुछ माह पुराना है।
अलीगढ़ के अकराबाद की पनैठी चौकी के स्टाफ की बीयर पार्टी का वीडियो और निवर्तमान चौकी इंचार्ज का रुपयों के लेनदेन से जुड़ा ऑडियो वायरल होने पर दरोगा सहित चार पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
विज्ञापन
इस वीडियो में तीन सिपाही व होमगार्ड बीयर पार्टी में शामिल हैं, जबकि ऑडियो में अधौन के शराब तस्कर से दरोगा की रुपयों के लेनदेन की संदिग्ध बातचीत कैद हुई है। इसे लेकर यह कार्रवाई की गई है। सोशल मीडिया पर यह ऑडियो व वीडियो वायरल होने पर एसएसपी कलानिधि नैथानी ने सीओ बरला सुमन कनौजिया को जांच सौंपी।
सीओ बरला ने जांच की तो पाया गया कि वायरल आडियो में संदिग्ध वार्तालाप में शामिल तत्कालीन चौकी प्रभारी सिद्धार्थ कुमार हैं। उनकी अधौन से जुड़े शराब तस्कर से रुपयों के लेनदेन की संदिग्ध बातचीत कैद है। इसी प्रकार बीयर पार्टी में शामिल पुलिस कर्मियों की पहचान मुख्य आरक्षी अरविंद कुमार, आरक्षी रोहित कुमार व अमित कुमार के अलावा होमगार्ड अरुण कुमार के रूप में हुई है। जो पार्टी के समय वर्दी पहने हैं।
विज्ञापन
हालांकि, जांच में वीडियो काफी पुराना बताया गया है। एसएसपी ने सीओ बरला की रिपोर्ट के आधार पर तत्कालीन चौकी प्रभारी पनैठी सिद्धार्थ कुमार, मुख्य आरक्षी अरविंद कुमार, आरक्षी रोहित कुमार व अमित कुमार को लाइन हाजिर कर दिया है। होमगार्ड अरुण कुमार की बर्खास्तगी व कार्रवाई के लिए जिला कमांडेंट होमगार्ड लिखा गया है। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने साफ कहा है कि इस तरह की शिकायत पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सीधे कार्रवाई की जाएगी।